
निष्पक्ष-निर्भीक पत्रकारिता साहस और समर्पण का प्रतीक : विश्वजीत सिंह
मधुबनी- 04 मई। जदयू सहकारिता प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष विश्वजीत सिंह ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ प्रेस की आजादी के मूलभूत सिद्धांतों का पालन करने में पत्रकारों के जीवन काफी उतार-चढ़ाव के बीच गुजरता है। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और स्वतंत्र पत्रकारिता के महत्व को बरकरार रखना होगा। प्रेस की स्वतंत्रता पर सेंसरशिप,धमकी,हिंसा से रक्षा करना सरकार और समाज का दायित्व होता है। देश में सच्चाई सामने लाने के लिए बलिदान देने वालों की कमी नहीं है। उनके कर्तव्यों, स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता का सम्मान और सहयोग सुनिश्चित करना चाहिए। समय-समय पर प्रेस स्वतंत्रता की स्थिति का आंकलन करना चाहिए।
वहीं, मिथिला कला विकास समिति के सचिव मनोज कुमार झा ने कहा कि पत्रकार समाज के सच्चे प्रहरी हैं। उनकी कलम और आवाज लोकतंत्र की मजबूती का आधार है। सत्य को सामने लाने, जनहित के मुद्दों को उठाने और समाज को जागरूक करने में पत्रकार की भूमिका अतुलनीय है। कठिन परिस्थितियों में भी निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता करना वास्तव में साहस और समर्पण का प्रतीक है। ऐसे समाज के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए जहां अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता सुरक्षित हो, और पत्रकारिता पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ फल-फूल सके।



