
MADHUBANI: नगर निगम के वार्ड 42 में नाला निर्माण के लिए अतिक्रमण पर चला जेसीबी
मधुबनी- 04 मई। नगर निगम के वार्ड 42 के कोतवाली चौक से रेलवे मेन रोड गुमटी 10 तक नाला निर्माण के लिए रविवार को निगम के जेई जयप्रकाश, पार्षद प्रभावती देवी,संवेदक अमित कुमार व समाजसेवी प्रशांत कुमार के देखरेख में अतिक्रमण खाली कराया गया। इस दौरान जगदीश बारी इनरदेव बारी, विशुनदेव बारी, मनोज बारी,शंकर बारी सहित अन्य लोगों का जेसीबी से पक्का अतिक्रमण खाली कराया गया। जिससे अन्य दुकानदारों ने अपने-अपने दुकान के सामने से अतिक्रमण खाली करने में जुट गए। आनन-फानन में दुकानदारों ने स्वयं अतिक्रमण खाली करने में लग गए।
बतादें कि वार्ड में श्याम यादव (जगदीश कुमार) के घर होकर कोतवाली चौक से रेलवे मेन रोड गुमटी 10 तथा राजू बारी के घर होकर तरूण बारी के घर होते हुए पंकज ठाकुर के घर तक आरसीसी नाला निर्माण कराया जाना है। यहां सड़क के दोनों ओर नाला निर्माण के लिए पिछले माह नगर निगम के नेतृत्व में अमीन, नगर प्रबंधक, कनीय अभियंता, मजिस्ट्रेट व पुलिस बल की मौजूदगी में मापी कार्य किया गया था। जिसमें 96 लोगों को चिन्हित किया गया था। मापी के दौरान लोगों के घर, दुकान व प्रतिष्ठानों पर लाल निशान लगाकर अतिक्रमण खाली करने का आदेश दिया गया है।
वार्ड पार्षद प्रभावती देवी ने बताया कि कोतवाली चौक से रेलवे गुमटी तक सड़क के दोनों और नाला निर्माण से वार्ड 42, 45 सहित शहर के कई हिस्सों से जलनिकासी की सुविधा बहाल होगी। कोतवाली चौक से रेलवे गुमटी तक के इलाका में बरसात के दिनों में जलजमाव की समस्या बनी रहती थी। नाला निर्माण से इस साल बरसात के दिनों में जलनिकासी की सुविधा होगी।



