
महाराष्ट्र में आदिवासी छात्रों को तिलक भवन से हिरासत में लेने पर बवाल, राहुल गांधी बोले- फडणवीस सरकार से छात्र त्रस्त
नई दिल्ली -05 अक्टूबर। महाराष्ट्र में छात्रों के आंदोलन को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सह लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने फडणवीस सरकार पर आदिवासी छात्रों और MPSC अभ्यर्थियों के साथ अन्याय का आरोप लगाया है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि महाराष्ट्र के छात्र फडणवीस सरकार की शिक्षा व्यवस्था और अन्याय से त्रस्त हैं।
उन्होंने लिखा कि आदिवासी छात्र अपनी मांगों को लेकर मुंबई पहुंचे, कुछ बस से और कुछ पैदल चलकर। उनकी मांगें आदिवासी आश्रमशालाओं और छात्रावासों में बुनियादी सुविधाएं और छात्रवृत्ति हैं, जो किसी भी बच्चे का हक है।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि मुंबई में रुकने की जगह नहीं थी, तो कांग्रेस ने उन्हें तिलक भवन में ठहराया। आज सुबह होने से पहले पुलिस कांग्रेस कार्यालय के अंदर घुसी और इन बच्चों को उठाकर ले गई, आजाद मैदान पर प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही। उन्होंने कहा कि जो बच्चे नासिक से पैदल चलकर आए, उनको ये जवाब मिला।
राहुल गांधी ने पुणे में MPSC अभ्यर्थियों के सत्याग्रह का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ये मांगें नई नहीं हैं, मैंने मुख्यमंत्री फडणवीस से इन पर बात की थी। तब कुछ नहीं हुआ, इसीलिए आज ये बच्चे सड़क पर हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि “मैं और कांग्रेस पार्टी महाराष्ट्र के छात्रों के साथ खड़े हैं। हम एक इंच भी पीछे नहीं हटेंगे।”



