[the_ad id='16714']

UP में 80 हराओ और लोकतंत्र बचाओ के नारे के साथ गांव-गांव जाएंगे सपा कार्यकर्ता: अखिलेश

लखनऊ- 01 मार्च। समाजवादी पार्टी (सपा) आईएनडीआईए के साथ-साथ पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) परिवार का लगातार विस्तार हो रहा है। हमें पूरा भरोसा है आने वाले समय में भारतीय जनता पार्टी का उत्तर प्रदेश से सफाया होगा। हमारा नारा है कि 80 हराओ लोकतंत्र बचाओ।

यह बातें समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कही। वे शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में पीडीए के सभी प्रकोष्ठों की बैठक कर पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।

अखिलेश यादव ने कहा कि 80 हराओ और लोकतंत्र बचाओ के नारे के साथ संगठन के लोग गांव-गांव जाएंगे। इस सरकार ने किसानों के साथ धोखा किया है। नौजवानों ने संकल्प लिया है कि उत्तर प्रदेश और देश को भारतीय जनता पार्टी से बचाना है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि ये किसानों से वादा करके सत्ता में आए थे कि किसानों की आय दोगुनी होगी लेकिन जिस तरह से महंगाई बढ़ी है और जिस तरह से किसानों के लिए संकट पैदा हुए हैं वो (किसान) इंतजार कर रहा है कि वोट कब डालें।

लगातार नौजवान बेरोजगार होता जा रहा है। उत्तर प्रदेश में जितनी भी परीक्षाएं हुई हैं, सब लीक हो रही हैं और जानबूझकर सरकार लीक करना चाहती है ताकि नौकरियां न देनी पड़े तो सोचिए नौजवानों का भविष्य क्या होगा ?

अखिलेश ने कानून व्यवस्था और जीरो टॉलरेंस नीति के तहत यूपी में हो रहे एनकाउंटर पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि झांसी में पुष्पेंद्र यादव की हत्या हो गई, फेक एनकाउंटर किया। उसकी पत्नी ने आत्महत्या की, क्या उन अधिकारियों पर कार्रवाई हुई?

उन्होंने कहा कि पीडीए इतना बड़ा परिवार है जिसमें सब हैं। जो दु:खी हैं, जिसके साथ अन्याय हो रहा है वह पीडीए के साथ हैं, जो भेदभाव हटाना चाहता है वह पीडीए के साथ हैं।

अखिलेश ने कहा कि हमें पूरा भरोसा है कि आने वाले समय में भारतीय जनता पार्टी का उत्तर प्रदेश से सफाया होगा। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी, डा इमरान के साथ काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।

lakshyatak
Author: lakshyatak

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!