
बिहार सरकार के मंत्री अरुण कुमार प्रसाद के काफिले पर हमला, वाहन के शीशे तोड़
मधुबनी- 07 जून। जिले के खजौली थाना क्षेत्र के डाहर गांव में सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत के बाद रविवार को जनाक्रोश फूट पड़ा। मृतक के परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे स्थानीय विधायक सह बिहार सरकार के श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण युवा रोजगार एवं कौशल विकास मंत्री अरुण शंकर प्रसाद को ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि आक्रोशित लोगों ने मंत्री के काफिले को घेर लिया और एक वाहन के शीशे तोड़ दिए। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल कायम हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व डाहर गांव के एक युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। इस घटना को लेकर ग्रामीणों में पहले से ही गहरा आक्रोश था।
रविवार को मंत्री अरुण शंकर मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना देने तथा घटना की जानकारी लेने गांव पहुंचे थे। लेकिन उनके पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। ग्रामीणों का आरोप था कि जिस वाहन की टक्कर से युवक की जान गई, वह कथित रूप से शराब तस्करों से जुड़ा हुआ था। लोगों का कहना था कि क्षेत्र में लंबे समय से शराब तस्करी का नेटवर्क सक्रिय है और पुलिस की कथित शह पर यह कारोबार फल-फूल रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि दुर्घटना के बाद भी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती गई। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने मंत्री श्री प्रसाद के समक्ष ही प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बातचीत के दौरान माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। कुछ उग्र प्रदर्शनकारियों ने मंत्री श्री प्रसाद के काफिले की एक गाड़ी को घेर लिया और उस पर हमला कर दिया। गाड़ी के शीशे तोड़ दिए गए तथा उसे क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना के दौरान कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। स्थिति को बिगड़ता देख मंत्री के सुरक्षा कर्मियों और स्थानीय प्रशासन ने तत्काल मोर्चा संभाला। सुरक्षा घेरा बनाकर मंत्री को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को शांत कराने का प्रयास किया, जिसके बाद स्थिति धीरे-धीरे नियंत्रण में आई। घटना के बाद किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गांव और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। वही मंत्री अरुण शंकर प्रसाद के साथ थाने पर पहुंचे। खबर भेजे जाने तक प्राथमिकी की प्रक्रिया जारी थी।



