
बिहार सरकार के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद पर हुए हमले मामले में 7 गिरफ्तार
मधुबनी- 08 जून। बिहार सरकार के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद के काफिले पर हुए हमले और काफिले में शामिल एक वाहन को क्षतिग्रस्त करने के मामले में पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है। उक्त जानकारी पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार ने सोमवार को दी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मंत्री अरुण शंकर प्रसाद के काफिले पर हुए हमले और काफ़िले में शामिल वाहन में तोड़फोड़ की घटना के बाद रविवार की देर रात्रि सदर अनुमंडल पदाधिकारी, चार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं दस थानाध्यक्षों के नेतृत्व में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान सात आरोपियों, जिनमें चार पुरुष और तीन महिला को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि मामले के मुख्य साजिशकर्ता सुनील कुमार सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
उल्लेखनीय है कि खजौली थाना क्षेत्र के डाहर गांव में कुछ दिन पूर्व सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई थी। इसी मामले में मंत्री अरुण शंकर प्रसाद रविवार को मृतक के परिजनों से मिलने गांव पहुंचे थे। मंत्री के गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। ग्रामीणों का आरोप था कि दुर्घटना में शामिल वाहन कथित रूप से शराब तस्करी से जुड़ा था तथा पुलिस की कार्यशैली भी संदेह के घेरे में है। इसी दौरान कुछ उग्र लोगों ने मंत्री के काफिले में शामिल एक वाहन को घेर लिया और उसके शीशे तोड़ दिए। स्थिति तनावपूर्ण होते देख सुरक्षा कर्मियों ने मंत्री को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। बाद में स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।



