
फर्जी केंद्रीय अधिकारी बनकर लाखों की ठगी करने वाला आरोपित गिरफ्तार
रायपुर- 10 जुलाई। खुद को भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में सहायक आयुक्त बताकर सरकारी नौकरी, ट्रांसफर और पोस्टिंग दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपित को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, थाना सिविल लाइन और थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी गुरु नारायण की शिकायत पर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 376/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 318(2), 319(2), 336(3) और 340 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
शिकायतकर्ता ने बताया कि, करीब दो वर्ष पहले ट्रेन यात्रा के दौरान उसकी मुलाकात रजनीश कुमार राय से हुई थी। आरोपित ने खुद को भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में सहायक आयुक्त बताया और अपनी ऊंची पहुंच का हवाला देकर सरकारी नौकरी, ट्रांसफर और पोस्टिंग कराने का भरोसा दिलाया। उसने मनचाही पदस्थापना कराने के लिए 5 लाख रुपये की मांग भी की। बाद में आरोपित द्वारा अलग-अलग विभागों के संदिग्ध पहचान-पत्र दिखाने पर शिकायतकर्ता को संदेह हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जानकारी के आधार पर आरोपित रजनीश कुमार राय उर्फ छोटू राय को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपित ने फर्जी पहचान-पत्र का उपयोग कर खुद को केंद्रीय अधिकारी बताकर लोगों का विश्वास जीतने की बात स्वीकार की। वह एडिटेड फोटो और फर्जी दस्तावेज दिखाकर लोगों को सरकारी नौकरी, ट्रांसफर और पोस्टिंग दिलाने का झांसा देता था। पुलिस के अनुसार आरोपित ने छत्तीसगढ़ और बिहार के कई लोगों से नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी की है।
पुलिस ने आरोपित के कब्जे से फर्जी पहचान-पत्र, दस्तावेज, लैपटॉप, मोबाइल फोन, तीन सिम कार्ड, फर्जी सिम, क्रेडिट कार्ड संबंधी दस्तावेज, नकद राशि तथा वारदात में प्रयुक्त कार जब्त की है। आरोपी ने अपनी कार पर ‘भारत सरकार’ भी अंकित करा रखा था।
पुलिस रिमांड के दौरान आरोपित से जब्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। मामले में पूछताछ जारी है और पुलिस को अन्य महत्वपूर्ण खुलासे होने की उम्मीद है।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान रजनीश कुमार राय उर्फ छोटू राय (29) निवासी राजपुर, थाना सिमरी, जिला बक्सर (बिहार) के रूप में हुई है। वर्तमान में वह अमलेश्वर, जिला दुर्ग में रह रहा था।



