
बिहार के लखीसराय में जलाभिषेक के दौरान भगदड़, 7 महिला की मौत, कई श्रद्धालु जख्मी
लखीसराय- 17 अगस्त। लखीसराय जिले स्थित प्रसिद्ध अशोकधाम शिव मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार को हुई भगदड़ में सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई। जिला प्रशासन ने सात श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि की है। जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने मीडिया से बातचीत में बताया कि हादसे में सात लोगों की मौत हुई है, जबकि कई श्रद्धालु घायल भी हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
सावन के तीसरे सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु अशोकधाम शिव मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान मंदिर परिसर में भगदड़ मच गई। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं। घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास किए गए।
जिला प्रशासन के अनुसार हादसे में मृत सातों श्रद्धालुओं की पहचान हो गई है। मृतकों में मनमाला देवी (44) — पति निरंजन कुमार, बड़हिया वार्ड-12, लखीसराय, रिंकू देवी (50)— पति नीरज यादव, बऊटोला फरदा, मुंगेर, हेमलता देवी (55)— पति सुरेंद्र यादव, प्रतापपुर, हलसी, लखीसराय, ललिता देवी (50) — पति गोरेलाल यादव, प्रतापपुर, हलसी, लखीसराय, सविता कुमारी (35) — पति रणवीर यादव, प्रतापपुर, हलसी, लखीसराय, सरोज देवी (65)— पति जनार्दन सिंह, बकांवा भदौर, पटना और सावित्री देवी (49)— पति मोहन यादव, चननिया, लखीसराय शामिल हैं।
हादसे के बाद मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में प्रशासन की ओर से राहत एवं सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। प्रशासन घटना के कारणों और भीड़ प्रबंधन से जुड़े पहलुओं की जांच कर रहा है।



