
SBI ब्रांच से 1 करोड़ 29 लाख के सोने के जेवरात की चोरी मामले में बैंक कैशियर-लेखापाल निलंबित
सहरसा- 13 मई। जिले में सौर बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत बैजनाथपुर ओपी क्षेत्र स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा के लॉकर से दो किलो 700 ग्राम सोना यानी 1 एक करोड़ 29 लाख रुपये के जेवरात की चोरी मामले में बैंक कैशियर व लेखापाल को निलंबित कर दिया गया है।
एसपी लिपि सिंह ने शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया है कि पूर्णिया जिले के खजांची हाट थाना क्षेत्र के सिपाही टोला , ललित कुंज बक्सा घाट निवासी एवं बैजनाथपुर एसबीआई के मैनेजर ब्रजनंदन कुमार सिन्हा द्वारा बीते 10 मई को बैजनाथपुर ओपी में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। जिसमें उन्होंने बताया था कि बैंक लॉकर से सफाई कर्मी उमेश मल्लिक के द्वारा अवकाश के दिन बैंक में आकर और लॉकर को खोलकर लगभग 2 किलो 700 ग्राम सोना की चोरी कर ली है।
एसपी ने बताया कि उनकी सूचना पर बैजनाथपुर ओपी में मामला दर्ज कर लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला स्तर पर एसआईटी टीम का गठन किया गया। गठित टीम के द्वारा सफल उद्भेदन की दिशा में हरसंभव सार्थक और समुचित कार्रवाई की जा रही है।कांड के प्राथमिकी नामजद अभियुक्त उमेश मल्लिक को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
एसपी ने बताया कि इस प्रकरण में कुछ संदिग्धों से भी पूछताछ की जा रही है।पूछताछ के क्रम में यह बात प्रकाश में आ रही है कि यह चोरी की घटना स्थानीय बैंक कर्मियों की मिलीभगत से की गई है। जिसके कारण इतने लंबे समय तक मामला को छुपाया गया। इस बिंदु पर गहराई से जांच पड़ताल की जा रही है।बैंक में किसी को कुछ नहीं पता चल पाया। यह जांच और अनुसंधान का विषय है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकरण में संबंधित बैंक द्वारा अपने दो कर्मियों कैशियर प्रत्यूष कुमार और लेखापाल अशोक उरांव को निलंबित करते हुए विभागीय कार्यवाही करने की बातें बताई गई है। जल्द ही घटना का उद्भेदन होगा। सभी की गिरफ्तारी होगी। चोरी गए सोने की बरामदगी की जाएगी।हालांकि सूत्रों की माने तो स्थानीय पूरब बाजार , मिशन कंपाउंड में बुधवार की देर रात हुई छापामारी और गुरुवार की दोपहर चांदनी चौक स्थित ज्वेलरी शॉप में की गई छापामारी में बैंक से चोरी गए सोने की भी बरामदगी हुई है। उक्त मामले में नामित आरोपी के अतिरिक्त अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी हुई है।फिलहाल पुलिस अभी और छापामारी की बातें कह रही है। जिसके कारण हुए उद्भेदन के लिए समय ले रही है।



