
सहरसा-16 दिसंबर। बीते सात दिसंबर को बिहरा थाना में पदस्थापित पीएसआई निक्की कुमारी की सरकारी पिस्टल खगड़िया सहरसा के बीच रेल यात्रा के दौरान चोरी हो जाने मामले का उदभेदन कर लिया गया है।इस मामले में पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर पिस्टल बरामद कर किया गया है।आरक्षी अधीक्षक लिपि सिंह ने गुरुवार को अपने वेशम में प्रेस वार्ता आयोजित कर जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि सहरसा पुलिस की एक टीम मामले की जांच कर रही थी।जिसमें प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक निशिकांत भारती, सदर थाना अध्यक्ष जयशंकर प्रसाद, पीएसआई वर्षा कुमारी, एएसआई नरेंद्र सिंह तथा टेक्निकल सेल से अमर कुमार को मामले के अनुसंधान के लिए गठित टीम में शामिल किया गया था। पुलिस टीम द्वारा खगड़िया, मानसी, सहरसा स्टेशनों का सीसीटीवी फुटेज भी खंगाला गया। तकनीकी अनुसंधान के दौरान कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे। कई जगहों पर दबिश दी गई। पुलिस की छापेमारी चल रही थी। इसी दौरान जानकारी मिली कि सौर बाजार थाना क्षेत्र में कुछ अपराधी आने वाले हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिस उपाधीक्षक,इंस्पेक्टर,सदर थानाध्यक्ष, सौर बाजार थानाध्यक्ष तथा अन्य पुलिसकर्मियों की एक टीम द्वारा एक लाल रंग की कार को रोका गया। कार चालक ने गाड़ी को रोकने के बजाय लापरवाही से गाड़ी को भगाना शुरू कर दिया। पुलिस ने गाड़ी का पीछा किया और गाड़ी को ओवरटेक कर रोका। पूछताछ के दौरान स्वीकार किया कि 7 दिसंबर को ट्रेन से चोरी में शामिल थे।जिसमे अमन पंडित,श्याम सुंदर पासवान,कार्तिक पासवान, रोशन यादव और नीरज कुमार यादव सहित पांच को गिरफ्तार किया गया। सभी खगड़िया के रहने वाले हैं। उनका मुख्य पेशा ट्रेन और मोहल्लों में चोरी करना है। ट्रेनों के अलावा मोहल्ले में भी यह लोग चोरी और डकैती की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं।


