
कांग्रेस विधायक इरफान की ललकार-झारखंड में रहना है तो जय जोहार कहना होगा
रांची- 16 दिसंबर। जामताड़ा से कांग्रेस के विधायक इरफान अंसारी अपने बयानों से हमेशा सुर्खियों में रहते हैं। विधायक एक बार फिर विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले ही दिन गुरुवार को विवादित बयान देकर चर्चा में हैं। उन्होंने कहा अगर झारखंड में रहना है तो जय जोहार कहना होगा। शुरुआत भी जय जोहार से और अंत भी जय जोहार से करना होगा। ऐसा नहीं करने वाले को झारखंड से भागना होगा।
उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि जय श्री राम श्रद्धा है। सभी लोग इसे दिल से कहते हैं। राजनीति में श्रद्धा को नहीं लाना चाहिए। धर्म को राजनीति में नहीं लाना चाहिए। भाजपा को इसे समझना होगा। इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड पब्लिक सर्विस कमीशन (जेपीएससी ) अभ्यर्थियों के साथ कांग्रेस खड़ी है। भाजपा इस मुद्दे का राजनीतिकरण कर रही है। अभ्यर्थियों को राजनीति में फंसा रही है। अभ्यर्थियों से निवेदन करूंगा कि वे भाजपा के झांसे में न आएं। 18 साल तक आपको परेशान करते रही। युवाओं पर गोलियां चलाई आज हितैषी बन रही है।
भाजपा के विधायक भानू प्रताप शाही ने आरोप लगाया है कि इरफान अंसारी की रूस से मेडिकल की डिग्री फर्जी है। इसका जवाब देते हुए इरफान अंसारी ने कहा कि पीठ पर लाठी खाने वाले हमारी डिग्री पर वो क्या सवाल उठाएंगे। स्वास्थ्य विभाग से पैसा लूटने वाला मेरे से क्या बात कर रहे हैं। मैं खुद उस पीआइएल करने वाला हूं।



