भारत

राहुल गांधी के अमेरिका वाले बयान पर भड़के किरेन रिजिजू, बोले – विदेश जाकर भारत को बदनाम करना बंद करें, डेड इकोनॉमी कहना गलत

नई दिल्ली, 19 नवंबर। केंद्रीय संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने अमेरिका में दिए गए राहुल गांधी के बयानों को लेकर उन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आमतौर पर राहुल गांधी के बयानों पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत नहीं होती, लेकिन जब देश का नेता प्रतिपक्ष विदेश जाकर भारत के बारे में तथ्यहीन और गलत बातें करता है, तो आपत्ति दर्ज कराना जरूरी हो जाता है। राहुल गांधी अमेरिका और दूसरे देशों में जाकर भारतीय अर्थव्यवस्था के ध्वस्त होने की बात करते हैं, जबकि पूरी दुनिया भारत को सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था के रूप में स्वीकार कर रही है।

रिजिजू ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि आईएमएफ और विश्व बैंक जैसी अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्थाएं भी भारत की आर्थिक प्रगति को स्वीकार कर रही हैं। इन संस्थाओं का कहना है कि भारत इस समय दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है। ऐसे में राहुल गांधी का भारतीय अर्थव्यवस्था को मृत बताना समझ से परे है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को अपनी कार्यशैली में सुधार करना चाहिए और देश की उपलब्धियों को कमतर दिखाने से बचना चाहिए।

राहुल गांधी के भारत में लोकतंत्र और वोट चोरी के आरोपों पर पलटवार करते हुए रिजिजू ने कहा कि यदि देश में लोकतंत्र नहीं होता तो राहुल गांधी पूरे दिन विरोध प्रदर्शन कैसे कर पाते और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा तथा सरकार के खिलाफ लगातार बयानबाजी कैसे कर पाते? उन्होंने कहा कि अगर भारत में लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की आजादी नहीं होती तो राहुल गांधी को सुबह से रात तक अपनी बात रखने की स्वतंत्रता कहां से मिलती?
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत लोकतांत्रिक देश है, जहां आम नागरिक से लेकर राजनीतिक नेताओं तक सभी को अपनी बात रखने की पूरी आजादी है। इसके बावजूद राहुल गांधी विदेश जाकर भारत में लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता नहीं होने का आरोप लगाते हैं। उन्होंने सवाल किया कि आखिर राहुल गांधी इस तरह के बयानों से क्या साबित करना चाहते हैं?

रिजिजू ने गरीबी के मुद्दे पर भी राहुल गांधी और कांग्रेस को घेरा। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि वर्ष 2011 से 2023 के बीच भारत में 50 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठे और अत्यधिक गरीबी से बाहर आए। उनके अनुसार, भारत ने गरीबी कम करने के मामले में दुनिया में सबसे तेज प्रगति का रिकॉर्ड बनाया है।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी ने कई बार ‘गरीबी हटाओ’ का नारा देकर चुनाव लड़ा और सत्ता हासिल की, लेकिन कांग्रेस के शासनकाल में वास्तव में गरीबी खत्म करने के लिए क्या किया गया? रिजिजू ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत उस स्थिति में पहुंचा है, जहां गरीबी लगभग समाप्त होने की दिशा में है और देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है।

रिजिजू ने राहुल गांधी को सलाह देते हुए कहा कि पहली बात, उन्हें देश में लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की आजादी नहीं होने की बात नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश में अपनी मर्जी से घूमते हैं, विदेश यात्राएं करते हैं और प्रधानमंत्री मोदी पर लगातार हमले करते हैं। ऐसे में उन्हें यह नहीं कहना चाहिए कि भारत में लोकतंत्र या स्वतंत्रता नहीं है। उन्होंने राहुल गांधी से खुद से और दूसरों से झूठ नहीं बोलने की अपील की।

दूसरी सलाह देते हुए रिजिजू ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था आज एक मजबूत और उज्ज्वल अर्थव्यवस्था है, जो वैश्विक आर्थिक विकास का इंजन बन रही है। इसे ‘डेड इकोनॉमी’ कहना गलत है। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति को कमतर दिखाकर और भारत को बदनाम करके राहुल गांधी आखिर क्या हासिल करना चाहते हैं?

रिजिजू ने राहुल गांधी के बयानों के पीछे उनकी अपनी सोच के साथ-साथ विदेशी भारत विरोधी ताकतों की भूमिका होने की आशंका भी जताई। उन्होंने कहा कि संभव है कि राहुल गांधी खुद भारत के खिलाफ बोलना और देश को बदनाम करना चाहते हों या फिर दुनिया भर में सक्रिय भारत विरोधी ताकतें उन्हें ऐसा करने के लिए उकसा रही हों। दोनों ही बातें संभव हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की सोच भारत विरोधी होती जा रही है और उनका ध्यान भारत, उसकी सभ्यता तथा उसकी उपलब्धियों को कमजोर दिखाने पर केंद्रित है। रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी ने भारतीय परंपराओं, मूल मान्यताओं, लोकतंत्र और संविधान के खिलाफ लगातार हमला बोला है। उन्होंने सवाल उठाया कि देश का नेता प्रतिपक्ष दिन-रात भारत के खिलाफ बयानबाजी कैसे कर सकता है।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!