
‘नीतीश के लिए 9 मर्डर कराए..’ अनंत सिंह के बयान से बिहार में सियासी भूचाल
पटना/ मोकामा, 16 अक्टूबर। जदयू के मोकामा विधायक अनंत सिंह के एक बयान ने बिहार की सियासत में हड़कंप मचा दिया है। IANS को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा – “नीतीश जी कुछ नहीं थे, इधर-उधर चलते थे, तब हमने उनका साथ दिया। नीतीश जी के साथ रहकर 9 गो मर्डर कराए, हमारे जितना कुर्बानी कोई नहीं दिया।”
वीडियो NDTV India और IANS के प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहा है, जिसमें अनंत सिंह पीली शर्ट में IANS के माइक पर यही बात कहते दिख रहे हैं। कैप्शन में लिखा है – ‘नीतीश के लिए 9 मर्डर कराए..’ अनंत सिंह के बयान पर सियासी भूचाल।
पूरा मामला क्या है?
दरअसल पटना स्नातक MLC चुनाव को लेकर जदयू के भीतर विवाद चल रहा है। पार्टी ने नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया है, जबकि अनंत सिंह जनसुराज समर्थित उम्मीदवार अनुज सिंह के लिए प्रचार कर रहे हैं। इसी को लेकर पूछे गए सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि नीरज कुमार ने नीतीश जी के लिए क्या कुर्बानी दी है? जब नीतीश संकट में थे, तब हमने साथ दिया था।
विपक्ष हमलावर, जदयू असहज—
बयान के बाद RJD समेत विपक्ष ने नीतीश सरकार के सुशासन पर सवाल उठाए हैं। वहीं जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने पलटवार करते हुए कहा कि अनंत सिंह का दिमाग नर्वस हो गया है और तनाव में ऐसे बयान दे रहे हैं।
फिलहाल इस बयान के पूरे संदर्भ की स्वतंत्र पुष्टि बाकी है, लेकिन वीडियो 16 अक्टूबर से सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल है।



