
‘वोट चोरी’ के आरोप में विपक्ष का EC तक मार्च, पुलिस ने रोका; राहुल बोले- यह देशद्रोह है
नई दिल्ली- 06 अक्टूबर। ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर निर्वाचन आयोग के खिलाफ विपक्षी सांसदों का संसद से EC मुख्यालय तक मार्च को पुलिस ने रोक दिया। इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत विपक्षी नेताओं ने आकाशवाणी भवन के पास धरना दिया।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष के करीब 300 सांसद मुख्य निर्वाचन आयुक्त से मिलने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने 50 गज पहले रोक दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘वोट चोरी’ से लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाया गया है। यह देश के साथ देशद्रोह है। दोषियों की जांच होगी और किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल हैं। विपक्ष लोकतंत्र को बिकने नहीं देगा। सरकार संविधान को नष्ट करने पर तुली है और लोगों को लग रहा है कि उनके वोट छीने जा रहे हैं।
खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी EC पर सवाल उठाए। मार्च में बीजू जनता दल समेत लोकसभा और राज्यसभा के 300 से अधिक विपक्षी सांसद शामिल थे।



