
पेपर लीक को लेकर मधुबनी में NSUI का आक्रोश मार्च, मौके पर बोले आलोक झा, कहा- पेपर लीक से देश के करोड़ों युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है
मधुबनी- 25 जुलाई। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एवं पेपर लीक के विरोध में आंदोलन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और गिरफ्तारी के विरोध में शनिवार को मधुबनी जिला एनएसयूआई के अध्यक्ष आलोक कुमार झा के नेतृत्व में विशाल आक्रोश मार्च निकाला गया। मधुबनी कांग्रेस कार्यालय से शुरू हुआ यह मार्च शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए थाना चोक पहुंचा जहां कार्यकर्ताओं एवं छात्र-युवाओं ने लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान केंद्र सरकार एवं बिहार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई तथा प्रतीकात्मक पुतला दहन भी किया गया।
आक्रोश मार्च का नेतृत्व एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष आलोक कुमार झा ने किया। पुतला दहन के उपरांत आयोजित सभा को संबोधित करते हुए एनएसयूआई जिलाध्यक्ष कहा कि पेपर लीक से देश के करोड़ों युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है, लेकिन सरकार दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय न्याय की मांग कर रहे छात्रों पर लाठियां बरसा रही है। राहुल गांधी का छात्रों के समर्थन में सड़क पर उतरना लोकतंत्र की रक्षा का प्रतीक है।
एनएसयूआई अध्यक्ष आलोक कुमार झा ने कहा कि एनएसयूआई हर छात्र और युवा के साथ मजबूती से खड़ी है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष नलिनी रंजन झा उर्फ़ रूपम झा ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को लगातार कमजोर किया जा रहा है। परीक्षा में धांधली और पेपर लीक ने छात्रों का भरोसा तोड़ा है। छात्रों की लोकतांत्रिक आवाज़ को दबाने का हर प्रयास विफल होगा।



