
जेईआई आतंकी फंडिंग मामले में जम्मू-कश्मीर के 3 ठिकानों पर NIA का छापा, अहम सबूत मिले
श्रीनगर- 25 मई। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने प्रतिबंधित जमात-ए-इस्लामी (जम्मू-कश्मीर) आतंकी फंडिंग मामले की चल रही जांच के तहत सोमवार को श्रीनगर और शोपियन में तीन ठिकानों पर तलाशी ली। छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और वित्तीय दस्तावेज जब्त किए, जिनका कश्मीर में अलगाववादी और आतंकी गतिविधियों से कथित तौर पर संबंध है।
प्रवक्ता ने कहा कि श्रीनगर और शोपियन जिलों में तलाशी के दौरान कई आपत्तिजनक वित्तीय दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद हुए जिनका जेईआई और जम्मू-कश्मीर में उसके विभिन्न ट्रस्टों और संगठनों की गतिविधियों से संबंध होने का संदेह है। प्रवक्ता के अनुसार एनआईए की जांच से पता चला है कि जेआई घाटी और भारत के अन्य हिस्सों में आतंकी गतिविधियों के लिए धन जुटाने और आतंकवाद को बढ़ावा देने में सक्रिय रूप से शामिल थी। आरोप है कि संगठन ने स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी कल्याणकारी गतिविधियों के नाम पर घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धन जुटाया और उसे हिंसक और अलगाववादी गतिविधियों में लगाया।
प्रवक्ता ने आगे कहा कि सुसंगठित कैडरों के नेटवर्क के माध्यम से यह धन हिजबुल मुजाहिदीन (एचएम) सहित प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों तक भी पहुंचाया गया। प्रवक्ता ने कहा कि जेआई की आतंकी साजिश में कश्मीरी युवाओं को कट्टरपंथी बनाना और उन्हें नए सदस्य के रूप में भर्ती करना भी शामिल था, ताकि वे अलगाववादी गतिविधियों को अंजाम दे सकें।
एनआईए संगठन की अलगाववादी गतिविधियों को समाप्त करने और जम्मू-कश्मीर में सक्रिय आतंकी नेटवर्क को खत्म करने के लिए अपनी जांच जारी रखे हुए है।



