
MADHUBANI:- नीट-यूजी परीक्षा में अनियमितताओं के खिलाफ बाबूबरही में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, पीएम का फुंका पुतला, मौके पर बोले जिलाध्यक्ष रूपन झा, कहा- विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं
मधुबनी- 30 जून। नीट-यूजी परीक्षा 2026 के पेपर लीक, पुनः परीक्षा और परीक्षा प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं एवं प्रशासनिक लापरवाही के विरोध में मंगलवार को मधुबनी जिला के बाबूबरही प्रखंड कांग्रेस कमेटी के तत्वधान में नेता एवं कार्यकर्ताओं ने प्रखंड अध्यक्ष कौशल किशोर पप्पू के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकालकर प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता की मांग की। पुतला दहन कार्यक्रम का संचालन जिला कांग्रेस कमेटी मधुबनी पूर्वी के अध्यक्ष नलिनी रंजन झा उर्फ रूपन झा ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं युवाओं ने भाग लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग उठाई।
पुतला दहन कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए जिलाध्यक्ष नलिनी रंजन झा ने आरोप लगाया कि नीट-यूजी परीक्षा 2026 की परीक्षा में सामने आई कथित गड़बड़ियों से लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों का भरोसा कमजोर हुआ है। उनका कहना था कि वर्षों की कड़ी मेहनत और तैयारी के बाद परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जा सकता। नेताओं ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा दोषी अधिकारियों और संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
वहीं मधुबनी नगर परिषद के डिप्टी मेयर अमानुल्लाह खान ने कहा कि देश की प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है। यदि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं होगी, तो छात्रों का विश्वास लगातार कम होगा। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि छात्रों के अधिकारों और निष्पक्ष शिक्षा व्यवस्था की लड़ाई पार्टी आगे भी हर स्तर पर मजबूती से लड़ती रहेगी।
मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज मिश्रा,पूर्व अध्यक्ष सुबोध मंडल, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष अनिल कुमार अनिल,टेकरनाथ पाठक,विजय कृष्ण झा,निधि झा,मनोज यादव,संजीत रजत, बैजनाथ यादव, प्रदीप, मनीष, रवीन, संदीप सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं युवा साथी मौजूद थे।



