
MADHUBANI:- पानी के लिए तरस रही वार्ड 41 की महिलाओं का प्रदर्शन, नगर निगम कार्यालय घेरने का दिया अल्टीमेटम
मधुबनी- 25 जून। नगर निगम के वार्डो में नल जल योजना की हालत खराब बनी है। लोगों को पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। घरों तक पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। निगम के वार्डों में पानी की किल्लत की समस्या गहराने लगी है। इस भीषण गर्मी में लोगों में पानी के लिए हाहाकार मचा है। नगर निगम उदासीन बना है। गुरुवार को वार्ड 41 के लोगों में पानी की किल्लत को लेकर गुस्सा फूट पड़ा। वार्ड के कदम चौक के निकट बरही टोल की महिलाओं ने बाल्टी लेकर नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया।
वार्ड की उर्मिला देवी, गीता देवी, कमला देवी, लीला देवी, किरण कुमारी, पार्वती देवी, आशा देवी, जमुना देवी, गायत्री कुमारी, इन्दू देवी सहित अन्य ने बताया कि तीन साल पूर्व निगम के चुनाव से पहले गर्मी के दिनों में टेंकर से पानी की सप्लाई करने वालों की लाइन लगी रहती थी। पानी उपलब्ध कराकर वोट ले लिया। चुनाव के बाद पानी आपूर्ति का आश्वासन दिया। चुनाव के बाद उनका दर्शन दुर्लभ हो गया। महिलाओं ने बताया कि एक सप्ताह के अंदर बरही टोल में सबमर्सिबल की सुविधा बहाल नहीं होने पर बाल्टी लेकर निगम कार्यालय का घेराव करेंगे। महिलाओं ने कहा कि वार्ड का सार्वजनिक सरकारी चापाकलों की बंद पड़ा है। घरों का चापाकल पानी नहीं दे रहा है।
चापाकल से लगे मोटर के सहारे भी जलापूर्ति नहीं हो रही है। चापाकलों पर निर्भर लोगों को पानी के लिए परेशानी हो रही है। नल जल योजना दम तोड़ दिया है। लोगों को चिलचिलाती धूप में पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। पेयजल के लिए डब्बा बंद पानी का सहारा लेना पड़ रहा हैं। वार्ड पार्षद अंजु देवी ने बताया कि वार्ड 41 में अब तक एक मात्र जलमीनार होने से वार्ड के संपूर्ण हिस्सों में जलापूर्ति नहीं हो रही है। नए जलमीनार और घरों तक पाइपलाइन के लिए नगर निगम को अब तक 10 बार आवेदन दे चुके हैं। आवेदन देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। तीन साल से लगातार हर साल गर्मी में लोगों को पानी के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
पार्षद ने बताया कि दो साल पूर्व नगर निगम बोर्ड की बैठक में सभी वार्डों में पांच-पांच सबमर्सिबल उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया था। इसके बाद विधायक माधव आनंद द्वारा भी हरेक वार्ड में दो-दो सबमर्सिबल देने का आश्वासन दिया गया। लेकिन वार्ड 41 में अब तक एक भी सबमर्सिबल नहीं दिया गया है। जबकि कुछ वार्डों में पांच-पांच सबमर्सिबल दिया गया है। नगर निगम वार्ड 41 के साथ पक्षपातपूर्ण रवैया अपना रही है। इधर, नगर आयुक्त उमेश कुमार भारती ने बताया कि वार्ड में पानी की किल्लत दूर करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। वार्डों में नल जल योजना के लिए टेंडर की प्रकिया पूरी कर ली गई है।



