
बिहार
MADHUBANI:- तालाब में डूबकर छात्र की मौत के बाद शुक्रवार को नहीं खुला उत्क्रमित मध्य विद्यालय बथनाहा, ग्रामीणों के आक्रोश से सहमे है शिक्षक
मधुबनी- 31 जुलाई। घोघरडीहा प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय,बथनाहा में गुरुवार को पांचवीं कक्षा के छात्र रिशव कुमार 10 वर्ष की विद्यालय के समीप स्थित तालाब में डूबने से हुई दर्दनाक मौत के बाद शुक्रवार को विद्यालय में पठन-पाठन नहीं हो सका। घटना के बाद ग्रामीणों में व्याप्त आक्रोश और तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए शिक्षक विद्यालय नहीं पहुंचे और सीधे प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) जाकर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ललन कुमार से सुरक्षा संबंधी चिंताओं से अवगत कराया। शिक्षकों ने बीईओ को बताया कि घटना के बाद ग्रामीणों में काफी नाराजगी है, जिससे विद्यालय में सामान्य रूप से शैक्षणिक गतिविधियां संचालित करना फिलहाल संभव नहीं हो पा रहा है। उन्होंने विद्यालय में सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने की मांग की। घोघरडीहा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ललन कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जानकारी जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) को दे दी गई है। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श के बाद निर्णय लिया गया है कि विद्यालय परिसर में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों तथा स्थानीय प्रशासन की उपस्थिति में बैठक आयोजित कर स्थिति को सामान्य बनाने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक के माध्यम से सभी पक्षों से संवाद स्थापित कर विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियां पुनः सुचारु रूप से शुरू कराने की पहल की जाएगी. गौरतलब है कि गुरुवार को विद्यालय में पांचवीं कक्षा का छात्र रिशव कुमार विद्यालय के समीप स्थित तालाब में डूब गया था, जिससे उसकी मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल बना हुआ है। बतादे कि भवन के अभाव में एक ही परिसर में बारी बारी से दो शिफ्ट में उमवि बथनाहा एवं प्लस टू उच्च माध्यमिक विद्यालय बथनाहा का संचालन होता है। शुक्रवार को दोनों ही विद्यालय में पठन पाठन बंद रहा। शिक्षा विभाग और प्रशासन अब स्थिति को सामान्य कर विद्यालय का संचालन जल्द बहाल कराने के प्रयास में जुटे हुए है।



