
MADHUBANI:- राजनगर अंचल कार्यालय पर होगा हल्ला बोल, CO और राजस्व कर्मचारी का खुलेगा पोल
"मामला प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के फेज 2.0 के तहत नगर निगम वार्ड 19 के 100 से अधिक बासगीत पर्चाधारक लाभुकों के जमाबंदी, मालगुजारी भुगतान और परिमार्जन की प्रकिया पूरी नहीं होने से जुड़ा"
मधुबनी- 16 अप्रेल। भूस्वामी संघर्ष समिति के अध्यक्ष व आम आदमी पार्टी के वरीय नेता इं. गौरीशंकर यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के फेज 2.0 के तहत नगर निगम वार्ड 19 के 100 से अधिक बासगीत पर्चाधारक लाभुकों के जमाबंदी, मालगुजारी भुगतान और परिमार्जन की प्रकिया पूरी नहीं होने को लेकर अप्रैल के अंतिम सप्ताह में राजनगर अंचल कार्यालय पर अनिश्चितकालीन हल्ला बोल आंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राजनगर अंचल अधिकारी और संबंधित राजस्व कर्मचारी की मनमनी इन महादलित समुदाय को आवास योजना के लाभ में बाधक बना है। आवास योजना के इन पर्चाधारी सभी लाभुकों का जमाबंदी, मालगुजारी भुगतान और परिमार्जन की प्रकिया पूरी होने तक आंदोलन चलता रहेगा। प्रस्तावित हल्ला बोल आंदोलन की जानकारी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मधुबनी जिलाधिकारी को दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि पूर्व राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा का दाखिल खारिज, परिमार्जन का ससमय आदेश यहां टाय-टाय फिस्स साबित हुआ है। उन्होंने बताया कि नगर निगम के वार्ड 19 के 100 से अधिक बासगीत पर्चाधारक लाभुकों को आवास योजना का प्रथम किस्त अनुदान राशि का भुगतान सिर्फ मालगुजारी रसीद की कमी के कारण नहीं हो रहा है। पर्चाधारकों का जमाबंदी परिमार्जन मालगुजारी भुगतान की प्रकिया राजनगर अंचल कार्यालय द्वारा कई साल से पूरा नहीं किया जा रहा है। सभी लाभुक महादलित समुदाय के अत्यंत गरीब है। पर्चा की जमीन पर झोपड़ी बनाकर रहते है। इनका पक्का मकान का सपना साकार नहीं हो रहा है।
इन्हें दो दशक पूर्व राजनगर अंचल कार्यालय द्वारा बासगीत पर्चा दिया गया था। नगर निगम वार्ड 19 के सुरेंद्र सदाय, उपेंद्र सदाय रामरतन सदाय, इंद्रदेव सदाय, मंगली देवी,सरिता देवी, दुलारी देवी, पुरनी देवी, लालो देवी, कौशल्या देवी, रेखा देवी, सावित्री देवी, निर्मला देवी, समुद्री देवी,अनीता देवी, रजिया देवी, भक्ति देवी, गोलिया देवी, सजनी देवी, भूमि देवी सहित 100 से अधिक पर्चाधारकों द्वारा आवास योजना के तहत दो साल पूर्व आनलाइन आवेदन किया गया था। लाभुक की सूची में शामिल होने के होने के बाद भी बासगीत पर्चाधारकों को मालगुजारी रसीद नहीं होने से आवास योजना के अनुदान से वंचित होना पड़ रहा है। मालगुजारी रसीद के बिना अनुदान का भुगतान नहीं हो सकता है।



