
मखाना की वैज्ञानिक खेती को मिलेगा बढ़ावा, झंझारपुर से वाराणसी भेजा गया 450 किलोग्राम उन्नत प्रजाति का बीज
“मखाना विकास योजना 2026-27 के तहत वाराणसी में होगा अग्रिम पंक्ति प्रदर्शन, किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की पहल”
मधुुबनी – 23 नवंबर। बिहार में विकसित मखाना की उन्नत खेती तकनीक और गुणवत्तायुक्त बीज अब दूसरे राज्यों के किसानों तक भी पहुंचाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा, समस्तीपुर के क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र (RRS), झंझारपुर द्वारा मखाना विकास योजना 2026-27 के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में मखाना की खेती को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 450 किलोग्राम उन्नत प्रजाति के मखाना बीज भेजे गए हैं। इस पहल से वाराणसी जिले में मखाना की वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा मिलने के साथ ही किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों से जोड़ने का मार्ग प्रशस्त होगा।
इस संबंध में क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र, झंझारपुर के तकनीकी पदाधिकारी एवं सूचना पदाधिकारी आशीष राय ने जानकारी देते हुए बताया कि भेजे गए 450 किलोग्राम मखाना बीज जिला उद्यान पदाधिकारी, वाराणसी को उपलब्ध कराए गए हैं। मखाना विकास योजना के तहत वाराणसी जिले में इन बीजों के माध्यम से अग्रिम पंक्ति प्रदर्शन (Front Line Demonstration) कार्यक्रम संचालित किया जाएगा। इसके तहत किसानों को मखाना की वैज्ञानिक खेती, उन्नत उत्पादन तकनीक, बेहतर प्रबंधन तथा गुणवत्तायुक्त बीज के उपयोग के प्रति जागरूक एवं प्रशिक्षित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि वाराणसी भेजे गए बीज मखाना की उन्नत प्रजाति ‘स्वर्ण वैदेही’ के हैं। यह प्रजाति वैज्ञानिक अनुसंधान एवं उन्नत कृषि तकनीक के माध्यम से विकसित की गई है। इसके उपयोग से किसानों को मखाना उत्पादन की आधुनिक पद्धतियों से परिचित कराने तथा खेती की उत्पादकता और गुणवत्ता में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।
इस पहल का व्यापक उद्देश्य मखाना की खेती को परंपरागत उत्पादन पद्धति से आगे बढ़ाकर वैज्ञानिक एवं व्यावसायिक स्वरूप प्रदान करना है। अग्रिम पंक्ति प्रदर्शन के माध्यम से किसानों को खेतों में ही उन्नत प्रजाति एवं तकनीक के व्यावहारिक लाभों से अवगत कराया जाएगा। इससे किसानों में मखाना की खेती के प्रति रुचि बढ़ेगी तथा कृषि विविधीकरण को भी प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही, मखाना उत्पादन के विस्तार से किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की संभावनाएं विकसित होंगी।
उल्लेखनीय है कि क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र, झंझारपुर मखाना की उन्नत प्रजातियों के बीज उत्पादन, वैज्ञानिक खेती, प्रसंस्करण तथा तकनीकी प्रसार के क्षेत्र में निरंतर महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। बिहार में विकसित गुणवत्तायुक्त बीज एवं उन्नत कृषि तकनीकों को देश के अन्य राज्यों तक पहुंचाना भी केंद्र की महत्वपूर्ण पहल है। इस क्रम में वाराणसी को 450 किलोग्राम बीज की आपूर्ति बिहार के कृषि अनुसंधान एवं तकनीकी ज्ञान के अंतरराज्यीय प्रसार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र, झंझारपुर की यह पहल मखाना उत्पादन के क्षेत्र में बिहार की तकनीकी विशेषज्ञता को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने तथा देश के विभिन्न क्षेत्रों में मखाना की वैज्ञानिक खेती के विस्तार की दिशा में सार्थक प्रयास है।
इस अवसर पर डॉ. संजय कुमार, प्रभारी पदाधिकारी, डॉ. एसके मंडल, कीट वैज्ञानिक, धीरेंद्र कुमार, तकनीकी पदाधिकारी आशीष राय, तकनीकी पदाधिकारी एवं सूचना पदाधिकारी सतीश कुमार, उद्यान सहायक, वाराणसी सुबोध कुमार एवं जितेंद्र झा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।



