
MADHUBANI:- ईद मिलादुन्नबी के मौके पर शहर में निकला गया जुलूस-ए-मोहम्मदी, अमन-शांति का दिया संदेश
मधुबनी-26 अगस्त। ईद मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर अंजुमन इत्तेहाद-ए-मिल्लत, मधुबनी के तत्वावधान में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साह और श्रद्धा के साथ भाग लिया। जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा। इस दौरान लोगों ने नबी-ए-पाक हजरत मोहम्मद साहेब की पैदाइश की खुशी मनाते हुए उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया।
जुलूस का नेतृत्व अंजुमन इत्तेहाद-ए-मिल्लत के संरक्षक सह नगर निगम के मेयर अमानुल्लाह खान कर रहे थे। जुलूस में शामिल लोग धार्मिक नारों और सलातो-सलाम के साथ आगे बढ़ रहे थे। शहर के विभिन्न हिस्सों में लोगों ने जुलूस का स्वागत किया। पूरे जुलूस के दौरान आपसी भाईचारा, सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर अमानुल्लाह खान ने कहा कि आज हजरत मोहम्मद साहेब का जन्मदिन है। इस मुबारक मौके पर जुलूस का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि पैगंबर मोहम्मद साहेब ने पूरी दुनिया को इंसानियत, मोहब्बत, भाईचारे और अमन-शांति का संदेश दिया। उनके जीवन और शिक्षाओं से सभी को प्रेरणा लेने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि ईद मिलादुन्नबी केवल खुशी मनाने का अवसर नहीं, बल्कि पैगंबर-ए-इस्लाम के बताए आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का भी दिन है। समाज में आपसी प्रेम और सद्भाव बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने और समाज में भाईचारे को मजबूत करने की अपील की।
जुलूस मधुबनी शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा और निर्धारित स्थल पर पहुंचकर समाप्त हुआ। आयोजन के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं रही। आयोजकों ने जुलूस को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया। ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर शहर में धार्मिक उत्साह के साथ-साथ गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक सौहार्द का भी संदेश देखने को मिला।



