
बिहार
MADHUBANI:- तालाब में डूबने से पांचवीं के छात्र की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने शिक्षकों को बनाया बंधक
मधुबनी- 30 जुलाई। घोघरडीहा प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय बथनाहा के एक छात्र की गुरुवार को विद्यालय परिसर से सटे तालाब में डूबने से मौत हो गई. मृतक की पहचान बथनाहा निवासी सुरेंद्र मंडल के 10 वर्षीय पुत्र एवं विद्यालय की पांचवीं कक्षा के छात्र रिशव कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने उसी परिसर में संचालित प्लस टू विद्यालय के शिक्षकों को कक्षा में बंधक बना लिया. सूचना मिलने पर फुलपरास थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लोगों को शांत कराया तथा शिक्षकों को सुरक्षित बाहर निकाला.
प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बथनाहा का संचालन सुबह 6:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होता है. बताया जाता है कि विद्यालय की छुट्टी के बाद छात्र किसी तरह बगल स्थित तालाब की ओर चला गया और गहरे पानी में डूब गया. हालांकि घटना को किसी ने प्रत्यक्ष रूप से होते नहीं देखा है. आसपास के लोग अलग-अलग तरह की बातें बता रहे हैं, जिससे घटना के वास्तविक क्रम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है.बताया गया कि दोपहर करीब डेढ़ से दो बजे के बीच जब परिजनों ने बच्चे की खोजबीन शुरू की, तभी कुछ ग्रामीणों की नजर तालाब में तैर रहे शव पर पड़ी. ग्रामीणों ने तत्काल बच्चे को बाहर निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, घोघरडीहा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद ग्रामीणों में काफी आक्रोश व्याप्त हो गया। इसी परिसर में कक्षाओं के अभाव में प्लस टू विद्यालय भी अलग शिफ्ट में संचालित होता है.
आक्रोशित लोगों ने प्लस टू विद्यालय के शिक्षकों को कक्षा में रोक लिया. सूचना पर पहुंची फुलपरास थाना पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और शिक्षकों को सुरक्षित बाहर निकाला. घटना की सूचना मिलते ही अंचल अधिकारी शशांक सौरव भी घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया तथा प्रशासन की ओर से नियमानुसार हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया.
स्थिति को सामान्य बनाने में पंचायत समिति सदस्य सुशील कामत,जदयू प्रखंड अध्यक्ष राम नरेश कामत, अशोक मंडल, वार्ड सदस्य प्रतिनिधि प्रमोद मंडल, राम बाबू कामत, रामयश यादव सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों ने भी ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया.उधर, मासूम बेटे की असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे बथनाहा गांव में मातम का माहौल है। पुलिस मामले की आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।



