
MADHUBANI: नगर थाना में साहब के गैरमौजूदगी में चौकिदार फरियादियों की सुनते हैं फरयाद
मधुबनी, 25 अगस्त। मधुबनी नगर थाना में फरियादियों की शिकायतों की सुनवाई की व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में चर्चा का विषय बन गया है। दूर-दराज से न्याय की आस लेकर थाना पहुंचने वाले कई फरियादियों का कहना है कि कभी-कभी थानाध्यक्ष की व्यस्तता या फील्ड में रहने के कारण उन्हें अपनी बात रखने में घंटों इंतजार करना पड़ता है।
नगर थाना पर फरियाद को लेकर कई लोगों ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि वह थाना पहुंचते हैं। उनकी उम्मीद होती है कि कोई जिम्मेदार पुलिस पदाधिकारी उनकी बात सुनेगा। फरियादियों का कथित आरोप है कि थानाध्यक्ष के मौजूद न रहने पर थाने के चौकिदार द्वारा उनकी बात सुन ली जाती है, जिससे उन्हें लगता है कि उनकी शिकायत पूरी गंभीरता से वरीय अधिकारी तक नहीं पहुंच पा रही है।
एक बुजुर्ग फरियादी ने बताया कि हम 15 किलोमीटर दूर से आए थे। साहब फील्ड में थे। हमें बताया गया कि इंतजार करना होगा। कई घंटे इंतजार के बाद हमें अपनी बात किसी अन्य कर्मी को बताकर जाना पड़ा। हमें नहीं पता कि हमारी शिकायत सही जगह तक पहुंची भी या नहीं।
पुलिस मैनुअल के अनुसार थाने में हमेशा एक ‘स्वागत कक्ष’ और ‘सहायक थानाध्यक्ष या ड्यूटी पदाधिकारी’ मौजूद रहना चाहिए, जो थानाध्यक्ष की अनुपस्थिति में फरियादियों की शिकायत सुने और FIR, सनहा दर्ज करे। चौकिदार का कार्य केवल अपने पुरे ग्राम की निरानी करना होता है।
स्थानीय लोगों ने एसएसपी से मांग की है कि नगर थाना में थानाध्यक्ष की अनुपस्थिति में किसी एसआई स्तर के अधिकारी को शिकायत सुनने के लिए अधिकृत किया जाए। थाने के बाहर ड्यूटी पदाधिकारी का नाम और मोबाइल नंबर का बोर्ड लगाया जाए। महिला,बुजुर्ग और गरीब फरियादियों के लिए अलग से बैठने और शिकायत लिखवाने की व्यवस्था हो।
इस संबंध में जब नगर थानाध्यक्ष से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो व्यस्तता के कारण बात नहीं हो पाई। वहीं पुलिस के एक वरीय अधिकारी ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है, लेकिन यदि ऐसी कोई शिकायत है, तो उसकी जांच कर सुधार किया जाएगा। लोगों का पुलिस पर भरोसा बना रहे, इसके लिए हर थाने में पारदर्शी सुनवाई व्यवस्था जरूरी है।



