
केंद्रीय विद्यालय मधुबनी-झंझारपुर में शिक्षक चयन इंटरव्यू के दौरान अफरातफरी,सड़क जाम
मधुबनी 25 अगस्त। केंद्रीय विद्यालय मधुबनी और झंझारपुर के लिए मंगलवार को आयोजित वॉक-इन-इंटरव्यू में अव्यवस्था का आलम रहा। अत्यधिक अभ्यर्थियों के पहुंचने से नवोदय विद्यालय परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया। केंद्रीय विद्यालय द्वारा प्रकाशित विज्ञापन के अनुसार 25 अगस्त को प्राथमिक शिक्षक, कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर, म्यूजिक कोच और बाल वाटिका शिक्षकों के लिए इंटरव्यू और अभिलेखों की जांच होनी थी। सुबह 8 से 10 बजे तक रजिस्ट्रेशन का समय निर्धारित था।लेकिन मधुबनी के साथ-साथ अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पहुंच गए। भीड़ इतनी ज्यादा थी कि निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं हो सका।
अभ्यर्थियों का आरोप है कि बिना कोई रिसीविंग दिए ही उनसे फॉर्म ले लिए गए और कहा गया कि आगे की जानकारी KVS के पोर्टल पर मिलेगी। इंटरव्यू का स्थान जवाहर नवोदय विद्यालय रखा गया था, जहां अभ्यर्थियों की भीड़ के कारण मुख्य सड़क पर भी जाम की स्थिति बन गई। घंटों तक आवागमन बाधित रहा, जिससे स्थानीय लोगों को भी परेशानी हुई।



