
MADHUBANI: गंगासागर रामजानकी ठाकुरबारी में झूलन महोत्सव की धूम, फूलों और रोशनी से सजा दरबार
मधुबनी, 25 अगस्त। शहर के प्रसिद्ध गंगासागर निधि चौकस्थित रामजानकी ठाकुरबारी में पवित्र झूलन महोत्सव अत्यंत भक्तिभाव और उल्लास के माहौल मे मनाई जा रही है।
ठाकुरबारी को फूलों, रंग-बिरंगी रोशनियों और झालरों से दुल्हन की तरह सजाया गया है, जो पूरे इलाके में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। महोत्सव में सुसज्जित और फूलों से अलंकृत झूले पर सुंदर, रेशमी वस्त्रों में विराजमान भगवान राम-जानकी और राधा-कृष्ण की मनमोहक मूर्तियों को श्रद्धालु दर्शन कर भक्त भाव-विभोर हो रहे है। विशेष पूजा-अर्चना, तुलसी अर्चना और दर्शन का क्रम चलता रहा। शाम होते ही माहौल और भी भक्तिमय हो जाता है।
संध्या के समय स्थानीय श्रद्धालुओं और भजन मंडली द्वारा संगीतमय भजन-संकीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। ढोलक-मंजीरे की थाप पर “झूला झूले राधा प्यारी…” जैसे भजनों पर भक्त झूमते नजर आए। मंहत रत्नेश्वर दास ने बताया कि झूलन महोत्सव 5 दिनों तक चलेगा। भगवान के लिए विशेष झूला तैयार कराया गया है। आसपास के क्षेत्रों गंगासागर, निधि चौक, शंकर चौक से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।



