
MADHUBANI: पुलिस और रहिका अंचल प्रशासन को भू-माफिया की चुनौती, देर रात खेसरा 570 की जमीन पर होती रही मिट्टी भराई
मधुबनी- 11 जुलाई। शहर के स्टेशन चौक स्थित हनुमान मंदिर के सामने गैरमजरुआ आम खाता 286 खेसरा 570 रकवा करीब तीन बीघा जमीन पर शुक्रवार की रात 5 से अधिक ट्रैक्टर से मिट्टी भराई किए जाने की सूचना है। जिला मत्स्य विभाग और रहिका अंचल कार्यालय के अनुसार खाता 286 खेसरा 570 आम नदी जलकर सैरात सूची में दर्ज है। वहीं, नगर निगम के क्षेत्र में अतिक्रमित 32 तालाबों में शामिल है। आश्चर्य तो इस बात का है कि नगर थाना से महज कुछ दूरी पर गैरमजरुआ आम जमीन पर रातभर मिट्टी भराई होता रहा और जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन व रहिका अंचल प्रशासन को इसकी भनक तक नहीं लगी। मजे की बात तो यह है कि रात्रि गश्ती दल को भी इसकी जानकारी नहीं हो सकी। इसे भू-माफिया का जिला प्रशासन पुलिस प्रशासन और रहिका अंचल प्रशासन के लिए खुली चुनौती ही कहा जा सकता है।
सवाल यह है कि इस गैरमजरुआ आम खाता 286 खेसरा 570 की जमीन भू-माफिया को कब्जा करने को किसने छूट दे रखी है। बता दें कि जहां रहिका अंचल अधिकारी द्वारा 3 जुलाई को शहर के तिलक चौक स्थित गैरमजरुआ खास खेसरा की जमीन क्रय करने के मसले पर नगर थाना में एफआइआर दर्ज करती है, वहीं गैरमजरुआ आम खेसरा 570 की जमीन पर हो रहे कब्जा के प्रति उदासीन बना है। भू-माफिया पुलिस और रहिका अंचल प्रशासन की गिरफ्त से बाहर हैं। अब तक अंचल प्रशासन मिट्टी भराई स्थल पर नहीं पहुंच सकी है। जानकारों का माने तो खेसरा 570 पर रात के अंधेरे में मिट्टी भराई में रेलवे गुमती 13 नंबर के आसपास के कई गुर्गे शामिल है।



