
मधुबनी मेडिकल कॉलेज में रैगिंग का आरोप, जूनियर डॉक्टर ने थाने में दी शिकायत
मधुबनी- 01 अक्टूबर। मधुबनी मेडिकल कॉलेज के पीजी हॉस्टल में जूनियर डॉक्टर के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। पीड़ित PG-1 पीडियाट्रिक्स के छात्र डॉ. सौरभ कुमार ने नगर थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन के अनुसार घटना 29-30 सितंबर की रात करीब 12:40 बजे की है। आरोप है कि तीन सीनियर छात्रों ने हॉस्टल परिसर में बुलाकर गाली-गलौज और मारपीट की, जिससे वे अचेत हो गए। बाद में उन्हें डीएमसीएच दरभंगा में भर्ती कराया गया। शिकायत में PG-2 के तीन छात्रों पर आरोप लगाया गया है। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
डॉ. सौरभ ने थाना से सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने,गवाहों के बयान दर्ज करने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
फिलहाल कॉलेज प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान नहीं आया है। इधर नगर थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



