
SSB और बिहार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, देशी कट्टा व 1.3 लीटर कोडीन सिरप बरामद, 1 गिरफ्तार
मधुबनी- 18 सितंबर। भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में अवैध हथियार और नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर की बीओपी सिमरारी और बिहार पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार SSB और बिहार पुलिस को मिली संयुक्त सूचना के आधार पर बीओपी सिमरारी की SSB टीम और बसोपट्टी थाना की पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्ति के आवास पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान आरोपी को उसके घर के मुख्य द्वार के पास से पकड़ा गया।
तलाशी के दौरान उसके घर के अंदर एक बॉक्स से 01 देशी कट्टा (बैरल लंबाई लगभग 7 अंगुल) और 13 बोतल Onerex कफ सिरप, प्रत्येक 100 मिलीलीटर, कुल 1.3 लीटर बरामद किया गया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान राम सेवक यादव (42 वर्ष) पचवारी चौक, ग्राम छतौनी, थाना बसोपट्टी, जिला मधुबनी के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि हथियार को नेपाल से अवैध रूप से लाया गया था और उसका उपयोग लोगों को डराने-धमकाने के लिए करता था। बरामद हथियार और कफ सिरप के संबंध में उसके पास कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। 48वीं वाहिनी के कमांडेंट ने कहा कि सीमा क्षेत्र में अवैध हथियार और नशीले पदार्थों के विरुद्ध SSB द्वारा बिहार पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर लगातार कार्रवाई की जा रही है।



