
सूर्या की ‘करप्पू’ के सामने टिक नहीं पाई ‘पति पत्नी और वो दो’
आयुष्मान खुराना की रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म ‘पति पत्नी और वो दो’ ने शुरुआती वीकेंड पर शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन कारोबारी दिनों की शुरुआत के साथ इसकी कमाई में गिरावट देखने को मिली है। सैकनिल्क के अनुसार, फिल्म ने चौथे दिन यानी पहले सोमवार को सिर्फ 3.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इससे पहले फिल्म ने पहले दिन 4 करोड़, दूसरे दिन 5.75 करोड़ और तीसरे दिन 7.75 करोड़ रुपये कमाए थे। चार दिनों में फिल्म का कुल घरेलू कलेक्शन अब 20.75 करोड़ रुपये पहुंच गया है।
फिल्म की कमाई में आई इस गिरावट को लेकर ट्रेड विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में इसकी राह और मुश्किल हो सकती है। अगले हफ्ते अनन्या पांडे और लक्ष्य लालवानी की रोमांटिक फिल्म ‘चांद मेरा दिल’ सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है, जिसका असर बॉक्स ऑफिस पर देखने को मिल सकता है। फिल्म में आयुष्मान के साथ सारा अली खान, वामिका गब्बी और रकुल प्रीत सिंह मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।
वहीं दूसरी ओर, सूर्या और तृषा कृष्णन की फिल्म ‘करप्पू’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने चौथे दिन 16.54 करोड़ रुपये का कारोबार किया और इसका कुल कलेक्शन 82.30 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। ‘करप्पू’ अब तेजी से 100 करोड़ क्लब की ओर बढ़ रही है। उधर संजय दत्त की फिल्म ‘आखिरी सवाल’ बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष करती नजर आ रही है। चौथे दिन फिल्म ने सिर्फ 21 लाख रुपये कमाए, जिसके बाद इसका कुल कलेक्शन 2.16 करोड़ रुपये हो गया है।



