
मधुबनी : नगर निगम के वार्ड 2 में लगाए जा रहे 107 स्ट्रीट लाइट
मधुबनी- 08 जून। नगर निगम क्षेत्र के विस्तारित वार्डों में स्ट्रीट लाइट लगाई जा रही है। इसकी शुरुआत पिछले दिनों वार्ड संख्या-01 से की गई। वार्ड संख्या-01 के पार्षद प्रतिनिधि अमित कुमार झा ने बताया कि वार्ड में फिलहाल 10 स्ट्रीट लाइट लगाई गई है। जबकि करीब 100 स्ट्रीट लाइट लगाना है। इधर, क्राफ्ट विलेज प्रोजेक्ट के तहत भी स्ट्रीट लाइट नहीं लगाई जा रही है।
वहीं, वार्ड संख्या-02 में 107 स्ट्रीट लाइट लगाई जा रही है। वार्ड संख्या-02 के पार्षद प्रतिनिधि श्याम ने बताया कि स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य दो-तीन दिन में पूरा कर लिया जाएगा। वार्ड 3 में भी स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य शुरु कर दिया गया है। इधर, वार्ड 4 के पार्षद अरुण कुमार ने बताया कि उनके वार्ड में फिलहाल स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य शुरु नहीं हो सका है।विस्तारित वार्ड 40 के पार्षद सह सशक्त स्थाई समिति सदस्य विभा देवी ने बताया कि उनके वार्ड में अब तक स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य शुरु नहीं हो सका है। बता दें कि वार्डों में स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग पिछले दो साल से पार्षदों द्वारा की जाती रही है।
निगम कार्यालय के अनुसार निगम के वार्डों में करीब 4800 स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना बनाई गई है। चरणबद्ध तरीके से स्ट्रीट लाइट लगाई जाएगी, जिससे रात में आवागमन सुरक्षित होगा तथा अपराध नियंत्रण में भी मदद मिलेगी।



