
मधुबनी में ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक पर लगे मेले और जुए के धंधे पर नगर थाने में शिकायत
मधुबनी- 01 अक्टूबर। शहर के गंगासागर चौक स्थित ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक (ADTT) परिसर में चल रहे मेले और जुए के धंधे को लेकर जिला परिवहन कार्यालय सख्त हो गया है। जानकारी के अनुसार जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) ने नगर थाना को आवेदन देकर परिसर को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है।
बता दें कि परिवहन विभाग की बिना अनुमति के ट्रैक परिसर में मेला लगाया गया है। मेले की आड़ में ‘लकी ड्रॉ, किस्मत आजमाओ’ के नाम पर खुलेआम जुआ खिलाया जा रहा है। यह ट्रैक ड्राइविंग टेस्ट के लिए बनाया गया है, ट्रैक को भारी नुकसान की आशंका जताई गई है।
69 लाख से 1.69 करोड़ का विवादित ट्रैक—
यह ट्रैक पहले से ही विवादों में है। भवन प्रमंडल द्वारा 69 लाख की लागत से बनाए गए इस ट्रैक को बाद में 1.69 करोड़ का प्रोजेक्ट बनाया गया। लेकिन निर्माण के 2 साल बाद भी भवन प्रमंडल ने DTO कार्यालय को हैंडओवर नहीं किया। अब विभाग ट्रैक को अनुपयोगी बता रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रैक की पेवर ब्लॉक धंस गई है, उखड़ गई है और जगह-जगह घास उग आई है। इसी अनुपयोगिता का फायदा उठाकर ट्रैक पर बने स्टाफ क्वार्टर पर कब्जा कर लिया गया और अब परिसर में मेला लगाकर जुए जैसा धंधा शुरू कर दिया गया।
नगर थाना सूत्रों के अनुसार DTO का पत्र प्राप्त हुआ है। स्थल का निरीक्षण कर बिना अनुमति मेला लगाने वालों को चिन्हित किया जा रहा है। जल्द ही अतिक्रमण हटाने और जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने भी सरकारी परिसर का बिना अनुमति उपयोग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।



