पटना- 02 अप्रैल। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने सरकारी आवास पर रविवार को बिहारशरीफ और सासाराम में रामनवमी जुलूस के दौरान हुई हिंसा को लेकर उच्चस्तरीय बैठक की। मुख्यमंत्री ने पुलिस और प्रशासन को पूरी तरह से अलर्ट रहने का निर्देश दिया है।
बैठक में मुख्य सचिव आमिर सुबहानी और पुलिस महानिदेशक आरएस भट्ठी ने बिहारशरीफ और सासाराम में रामनवमी जुलूस के दौरान हुई घटना को लेकर मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने पुलिस और प्रशासन को पूरी तरह से अलर्ट रहने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी चीजों पर लगातार नजर बनाए रखें। उपद्रवियों की पहचान कर उन पर सख्त कार्रवाई करें। इस पर नजर रखें कि किसी भी परिस्थिति में कोई गड़बड़ी नहीं कर पाए। अफवाह फैलाने वालों पर भी नजर रखें।
मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को निर्देश देते हुए कहा कि सभी जिलों के जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अविलंब वार्ता कर पूरी जानकारी लें। प्रेस वार्ता कर मीडिया को वस्तुस्थिति की जानकारी दें ताकि कोई अफवाह नहीं फैले और लोग भ्रमित न हों। मुख्यमंत्री ने पटना प्रमंडल के आयुक्त, शाहाबाद रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक, रोहतास तथा नालंदा के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से वार्ता कर वस्तु स्थिति की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने बिहारशरीफ में हुई घटना में मृत व्यक्ति के पिता एवं भाई से दूरभाष पर बात कर अपनी संवेदना व्यक्ति की और घटना की पूरी जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने मृत व्यक्ति के निकटतम परिजन को मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का निर्देश दिया।
बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, पुलिस महानिदेशक भट्ठी समेत कई आला अधिकारी मौजूद रहे।
