
दरभंगा स्नातक में RJD के अनिल झा की जीत पर बोले पूर्व मंत्री समीर महासेठ – “पढ़े-लिखे वर्ग ने BJP के अहंकार को तोड़ा”
मधुबनी, 29 अक्टूबर। बिहार विधान परिषद की सबसे हॉट सीट बनी दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 50 घंटे चली मैराथन मतगणना के बाद बड़ा उलटफेर हो गया। राष्ट्रीय जनता दल के अनिल कुमार झा ने भाजपा के निवर्तमान MLC सर्वेश कुमार को 450 वोटों से हरा दिया।
जीत के बाद पूर्व मंत्री और RJD के कद्दावर नेता समीर कुमार महासेठ ने “लक्ष्य तक” से बात करते हुए कहा कि यह जीत सिर्फ अनिल झा की नहीं, बल्कि दरभंगा-मधुबनी के हजारों स्नातक मतदाताओं की जीत है।
महासेठ ने कहा कि 3 दिन तक रिजल्ट रोकने की कोशिश हुई, लेकिन पढ़े-लिखे वर्ग ने बता दिया कि वो डरता नहीं है। भाजपा ने शिक्षक-स्नातक सीटों को अपनी जागीर समझ लिया था, आज उसी किले में RJD ने सेंध लगाई है। अनिल झा जैसे जमीनी, पढ़े-लिखे व्यक्ति को सदन में भेजकर स्नातकों ने BJP के अहंकार को तोड़ा है।
उन्होंने आगे कहा कि पटना शिक्षक सीट के बाद दरभंगा स्नातक की ये दूसरी जीत साबित करती है कि मिथिला में राजद और तेजस्वी यादव के प्रति युवाओं और प्रबुद्ध वर्ग का भरोसा लगातार बढ़ रहा है।



