
BIHAR:- मधुबनी के 78 संवेदनशील स्थानों पर छापेमारी में पांच शराब तस्कर सहित 11 गिरफ्तार
मधुबनी- 19 मई। जिले में उत्पाद विभाग द्वारा शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गयी है। शराब तस्करों द्वारा एक ही गाड़ी नंबर का इस्तेमाल कई वाहनों पर करके पुलिस और उत्पाद विभाग की आंखों में धूल झोंकी जा रही थी। जहां उत्पाद विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर इस गोरखधंधे का पर्दाफाश कर दिया। मौके से भारी मात्रा में देशी व विदेशी शराब के साथ वाहनों को जब्त किया गया है।
उत्पाद अधीक्षक विजयकांत ठाकुर के निर्देश पर विभाग की टीम ने एक साथ मधुबनी जिले के 78 संवेदनशील स्थानों पर छापेमारी की। इस विशेष अभियान में शराब तस्करों,व्यवसायियों और पियक्कड़ों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई। पूरी कार्रवाई के दौरान पांच शराब तस्कर और छह पियक्कड़ सहित कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई में तस्करों के पास से विदेशी शराब 500 लीटर, देशी शराब 25 लीटर, 7 गाड़ियां बरामद की। इसके अलावा, ड्रोन टीम ने बिस्फी, बेनीपट्टी, दामला और त्रिमुहान के जंगली इलाकों में हवाई सर्वे कर 480 ग्राम अर्धनिर्मित शराब को ढूंढ निकाला और उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया।
उत्पाद अधीक्षक विजयकांत ठाकुर ने बताया कि जिले में शराब तस्करों के मंसूबों को कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। तस्करों के ठिकानों पर लगातार अभियान चलाकर शिकंजा कसा जा रहा है। पकड़े गए सभी 11 लोगों के खिलाफ कागजी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।



