
BIHAR:- इस साल भी समय से पूर्व बिहार में दस्तक देगा मानसून
पटना- 14 मई। केरल के तट पर समय से पूर्व मानसून के दस्तक देने की संभावना के आधार पर मौसम वैज्ञानिकों ने इस वर्ष भी बिहार में समय से पूर्व मानसून के पहुंचने की भविष्यवाणी की है। मानसून के झारखंड से होते हुए 12 से 17 जून तक बिहार पहुंचने की संभावना है। बिहार में मानसून का प्रवेश जमुई और पूर्णिया से होने की उम्मीद है। पूर्वानुमान के मुताबिक पटना में मानसून 20 तक पहुंचने के आसार है।
भारत में 27 मई तक मानसून प्रवेश कर सकता है जो सामान्य से चार दिन पहले है। इससे पहले इसके अंडमान सागर में समय से पूर्व प्रवेश की संभावना है। इन सभी संभावनाओं के आधार पर ही बिहार में मानसून के समय से पहले दस्तक देने की उम्मीद को बल मिल रहा है।
मौसम विभाग के मुताबिक अंडमान-निकोबार में सामान्य रूप से मानसून 22 मई को दस्तक देता है लेकिन इस बार यह 15 मई को ही पहुंच जाएगा। इस वर्ष मानसून के सामान्य (99 फीसदी) रहने का अनुमान है। पटना, गया, नवादा, नालंदा सहित 19 जिलों में 15 दिनों के बाद हवाओं के रुख में बदलाव हुआ है। उत्तरी हिस्से में पहले की तरह पूर्व और दक्षिण पूर्व हवाओं का प्रभाव है। इन मौसमी सिस्टम की वजह से बिहार के 25 जिलों में हल्की बारिश के आसार है लेकिन पटना, गया, नावादा, नालंदा, भागलपुर सहित 13 जिलों मौसम शुष्क रहेगा।



