जामिया के छात्रों की बड़ी जीत, अब 2027 में होंगे छात्रसंघ चुनाव; 18 दिन बाद खत्म हुई भूख हड़ताल
नई दिल्ली, 29 अक्टूबर। जामिया मिल्लिया इस्लामिया में छात्रसंघ बहाली को लेकर चल रहा 18 दिनों से आंदोलन आखिरकार खत्म हो गया। छात्रों की बड़ी जीत हुई है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रसंघ चुनाव को लेकर बड़ी घोषणा कर दी है। प्रशासन ने आदेश जारी कर कहा है कि छात्रसंघ का नया संविधान 15 मई 2027 तक तैयार कर लिया जाएगा। इसके बाद 16 जुलाई 2027 से शुरू होने वाले नए शैक्षणिक सत्र के 6 हफ्ते के भीतर छात्रसंघ चुनाव करा लिए जाएंगे। माना जा रहा है कि अगस्त 2027 के आखिरी हफ्ते में चुनाव होंगे।
इस घोषणा के बाद भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों ने अपना अनशन तोड़ दिया और कैंपस में जीत के नारे लगाए।
प्रशासन ने साथ ही आंदोलन के दौरान छात्रों पर की गई सभी अनुशासनात्मक कार्रवाइयां, सस्पेंशन, शो-कॉज नोटिस और कैंपस बैन के फैसले वापस लेने का भी ऐलान किया है।
बता दें कि जामिया में आखिरी बार 2005 में छात्रसंघ चुनाव हुए थे। मार्च 2006 में कैंपस हिंसा के बाद छात्रसंघ को भंग कर दिया गया था। तब से यानी 20 साल से छात्र लगातार चुनाव की मांग कर रहे थे। 12 अक्टूबर से छात्र अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे थे।



