
अमेरिका ने फिर किया ईरान पर हमला, IRGC के ठिकानों को बनाया निशाना
वाशिंगटन/तेहरान- 01 सितंबर। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। अमेरिकी सेना ने मंगलवार को ईरान में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) से जुड़े ठिकानों पर नए हमले शुरू करने की पुष्टि की है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंतकॉम) के मुताबिक, यह कार्रवाई होर्मुज जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाजों और क्षेत्र में तैनात अमेरिकी सैनिकों के खिलाफ ईरानी हमलों के प्रयासों के बाद की गई।
सेंटकॉम ने बताया कि अमेरिकी बलों ने मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे ईस्टर्न टाइम से ईरान में IRGC के ठिकानों को निशाना बनाना शुरू किया। अमेरिका का कहना है कि हालिया कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में अमेरिकी सैनिकों और अंतरराष्ट्रीय वाणिज्यिक जहाजों के लिए खतरा पैदा करने वाली गतिविधियों को रोकना है।
यह घटनाक्रम उस समय सामने आया है जब होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव लगातार बढ़ रहा है। इससे पहले अमेरिका ने लारक द्वीप पर ईरानी सैन्य ठिकानों और कथित तौर पर बारूदी सुरंग बिछाने की तैयारी कर रही इकाइयों के खिलाफ कार्रवाई की थी। इसके जवाब में ईरान ने जॉर्डन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर मिसाइलें दागी थीं। जॉर्डन की सेना ने कई मिसाइलों को इंटरसेप्ट किए जाने की जानकारी दी थी।
अमेरिकी कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सैन्य तनाव और बढ़ने की आशंका है। होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है। यहां सैन्य टकराव बढ़ने से अंतरराष्ट्रीय जहाजरानी और तेल बाजार पर भी असर पड़ने की चिंता बढ़ गई है।



