
MADHUBANI:- मॉडल सदर अस्पताल में मरीज के परिजनों का हंगामा और तोड़फोड़ के बाद चिकित्सक और कर्मी दहशत में, DM से सुरक्षा की मांग
मधुबनी- 28 जुलाई। मॉडल सदर अस्पताल मधुबनी के परिसर में सोमवार की शाम रणक्षेत्र में बदल गया, जब एक मासूम की मौत के बाद भड़के परिजनों ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान इमरजेंसी वार्ड और अस्पताल परिसर में भारी तोड़फोड़ की गई, जिससे स्वास्थ्य विभाग को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है।
घटना झंझारपुर के तमुरिया निवासी शंकर ठाकुर के 11 वर्षीय पुत्र राकेश कुमार की इलाज के दौरान हुई मौत के बाद की है। मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते उपद्रवियों ने इमरजेंसी वार्ड के शीशे,मुख्य गेट, कुर्सियां,गमले और पूछताछ केंद्र को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। आयुष्मान भारत केंद्र और पूछताछ केंद्र के दफ्तरों के दरवाजों को तोड़ दिया गया। आरोप है कि उपद्रवियों ने ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों के साथ हाथापाई और मारपीट भी की। वहीं गेट पर तैनात गार्ड के साथ भी मारपीट की।
इस घटना की सूचना नगर थाना पुलिस को दी गई, परंतु पुलिस के पहुंचने से पूर्व ही उपद्रवियों ने अस्पताल को काफी नुकसान पहुंचाया। सदर अस्पताल में इस तरह की हिंसक वारदातें अब आम होती जा रही हैं, जिससे अस्पताल के डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के बीच दहशत का माहौल बना हुआ है।
अस्पताल कर्मियों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी कई बार डॉक्टरों के साथ मारपीट और तोड़फोड़ की घटनाएं हो चुकी हैं। भयभीत डॉक्टरों और कर्मचारियों ने जिला प्रशासन से अस्पताल परिसर में तत्काल और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है। डॉक्टरों का कहना है कि भयमुक्त वातावरण मिलने पर ही वे जिले भर से आने वाले मरीजों का सुचारू इलाज कर पाएंगे। इस संबंध में सिविल सर्जन के माध्यम से जिलाधिकारी को लिखित आवेदन देने की प्रक्रिया जारी है।



