
MADHUBANI:- सप्ता में गोवर्धन पूजा महोत्सव एवं भव्य महादंगल की तैयारी जोरों पर, 10 नवंबर से होगा शुभारंभ
मधुबनी, 9 नवंबर। शहर के सप्ता में हर वर्ष की भाँति इस वर्ष भी श्री श्री गोवर्धन पूजा महोत्सव एवं भव्य महादंगल कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन धूमधाम, श्रद्धा एवं भव्यता के साथ किया जाएगा। 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा महोत्सव का भव्य शुभारंभ होगा। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी।
11, 12 एवं 13 नवंबर को महादंगल कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन होगा। इसमें दूर-दराज से आए नामी पहलवान अपनी ताकत और दांव-पेंच का प्रदर्शन करेंगे। इन्हीं तीनों दिनों रात्रि 8 बजे से भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें स्थानीय कलाकारों द्वारा भजन, कीर्तन और लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी जाएगी।14 नवंबर को प्रतिमा विसर्जन के साथ महोत्सव का समापन होगा।
बतादें कि सप्ता में गोवर्धन पूजा की शुरुआत कल्लर यादव ने की थी। इस परंपरा को उनके पुत्र पवन यादव एवं अधिवक्ता पप्पू यादव पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निरंतर आगे बढ़ा रहे हैं।
आयोजकों ने बताया कि यह आयोजन आस्था, परंपरा, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। इस महोत्सव में सिर्फ सप्ता ही नहीं, बल्कि आसपास के दर्जनों गांवों से भी हजारों श्रद्धालु और कुश्ती प्रेमी पहुंचते हैं।



