
बिहार में शिक्षा को लेकर बड़ा फैसला: 700 मॉडल स्कूलों में हर हफ्ते क्लास लेंगे DM और अधिकारी, सम्राट सरकार ने जारी किया आदेश
पटना- 20 सितंबर। बिहार में शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। अब राज्य के 700 मॉडल स्कूलों (सरस्वती विद्या निकेतन) में जिलाधिकारी सहित जिला स्तरीय अधिकारी हर हफ्ते क्लास लेंगे।
शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रोशन ने सभी जिलों के DM को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिया है। प्रत्येक मॉडल स्कूल से एक जिला स्तरीय अधिकारी को संबद्ध किया जाएगा। संबंधित अधिकारी को हर सप्ताह अपनी रुचि के विषय की कम से कम एक कक्षा खुद संचालित करनी होगी।अधिकारी स्कूल में शैक्षणिक और आधारभूत सुविधाओं, पाठ्य-टीका, गृहकार्य और क्लासरूम ट्रांजेक्शन का निरीक्षण करेंगे। छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, अनुशासन, बिजली, रंग-रोगन, शौचालय और पेयजल जैसी सुविधाओं की भी समीक्षा करेंगे। अंग्रेजी कौशल विकास पर विशेष जोर – डिबेट, लेखन और व्याकरण की विशेष क्लास ली जाएगी। अधिकारियों को अपनी हर गतिविधि की रिपोर्ट शिक्षा विभाग को सौंपनी होगी।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि सरकार का लक्ष्य 2030 तक बिहार के किसी भी छात्र को पढ़ाई के लिए बाहर न जाना पड़े। इसके लिए 700 मॉडल स्कूलों में 3.5 लाख बच्चों को NEET-JEE जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की 24×7 कोचिंग सुविधा दी जा रही है।



