
MADHUBANI:- नगर निगम की अनदेखी, वार्ड-21 के नवटोली चकदह महादलित टोल की सड़क पर जलजमाव बनी जानलेवा
मधुबनी- 19 सितंबर। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 21 में रेलवे 13 नंबर गुमटी के बगल से नवटोली चकदह महादलित टोल को जोड़ने वाली सड़क की हालत बेहद जर्जर हो गई है। महीनों से जलजमाव और कीचड़ के कारण लोगों का चलना दूभर हो गया है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस सड़क से महादलित और अतिपिछड़ा वर्ग के करीब 200 से अधिक परिवारों का रोजाना आवागमन होता है। बरसात के मौसम में यह सड़क तीन महीने तक पूरी तरह जलमग्न रहती है। कीचड़ और पानी के कारण बच्चे स्कूल नहीं जा पाते। मजबूरी में उन्हें स्कूल जाने के लिए दो किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है। कई बार बच्चे फिसलकर गिर जाते हैं, जिससे उनकी किताबें और कपड़े खराब हो जाते हैं। इस कारण कई अभिभावक बच्चों को स्कूल भेजने से भी कतराने लगे हैं।
जलजमाव बना बीमारी का घर—
सड़क पर जगह-जगह जमा गंदा पानी सड़कर बदबू दे रहा है। आसपास के घरों में रहना मुश्किल हो गया है। जमा पानी में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे डेंगू, मलेरिया, चर्म रोग और वायरल बुखार का खतरा मंडरा रहा है। लोगों में नगर निगम के खिलाफ भारी आक्रोश है।
कई बार आवेदन, पर नहीं हुई सुनवाई—
वार्ड पार्षद इंदिरा देवी ने बताया कि सड़क के नवनिर्माण और जलनिकासी के लिए कई बार नगर निगम प्रशासन को लिखित आवेदन दिया गया है, लेकिन आज तक कोई पहल नहीं हुई। समाजसेवी सुभाष यादव उर्फ हनुमानजी ने कहा कि स्थानीय लोग सालों से सड़क के ऊंचीकरण और दोनों तरफ पक्की नाली निर्माण की मांग कर रहे हैं। मानव समृद्धि संस्थान के संस्थापक महेश चन्द्र झा ने मांग की है कि तत्काल पानी निकासी, चूना-ब्लीचिंग का छिड़काव और फॉगिंग कराई जाए। वहीं, स्थानीय घनश्याम यादव ने चेतावनी दी कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं हुआ तो लोग आंदोलन करने को विवश होंगे। इस संबंध में नगर आयुक्त उमेश कुमार भारती ने कहा कि जलजमाव और कीचड़ की समस्या को लेकर फॉगिंग कराने का निर्देश दे दिया गया है। सड़क और नाली निर्माण की योजना पर काम किया जा रहा है, जल्द ही समाधान निकाला जाएगा।



