
वोट चोरी, सरकार चोरी, अब पार्टी चोरी लोकतांत्रिक पतन के प्रतीक: राहुल गांधी
नई दिल्ली -18 सितंबर। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने चुनाव आयोग और भाजपा पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने कहा कि पहले शिवसेना, फिर एनसीपी और अब तृणमूल कांग्रेस, हर बार एक ही पैटर्न है। भाजपा और चुनाव आयोग मिलकर एक पार्टी को तोड़ते हैं, फिर उसका चुनाव चिन्ह छीन लिया जाता है।
उन्होंने कहा कि जब पूरी की पूरी पार्टी चोरी हो सकती है, तो करोड़ों भारतीयों के वोट चोरी होना भी हैरानी की बात नहीं। वोट चोरी, सरकार चोरी, अब पार्टी चोरी ये हमारे लोकतांत्रिक पतन के प्रतीक बन गए हैं।
राहुल ने कहा कि ईसीआई की संवैधानिक जिम्मेदारी जनादेश की रक्षा करना है, मगर उल्टा वो उन ताकतों की मदद कर रहा है, जो जनता के फैसले को ही पलट देते हैं। यह लड़ाई सिर्फ ममता बनर्जी जी की नहीं है, यह हर राजनीतिक दल, हर मतदाता की लड़ाई है जो स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव चाहता है।



