
मधुबनी में 27 सितंबर को सूड़ी समाज के दिग्गजों का जुटान, EBC अनुसूची-1 में शामिल करने की मांग पर होगा बड़ा ऐलान
मधुबनी- 09 सितंबर। बिहार में सूड़ी समाज को अत्यंत पिछड़ा वर्ग (EBC) की अनुसूची-1 में शामिल करने की मांग ने जोर पकड़ लिया है। इसको लेकर 27 सितंबर को मधुबनी शहर के होटल वाटिका सभागार में सूड़ी समाज का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
इसकी जानकारी समाजसेवी दीप्ति राउत ने दी। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में मंत्री अरुण शंकर पूर्वे, पूर्व मंत्री समीर कुमार महासेठ, विधायक बैजनाथ प्रसाद, पूर्व मंत्री रामचंद्र पूर्वे सहित राज्यभर से सूड़ी समाज के जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, कलाकार,कारोबारी, साहित्यकार, खिलाड़ी और विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाले लोग शामिल होंगे।
सम्मेलन के मुख्य उद्देश्य बिहार के सूड़ी समाज को EBC अनुसूची-1 में शामिल करने की अगली रणनीति तय करना, समाज के एक प्रतिनिधिमंडल द्वारा मुख्यमंत्री से मिलकर मांग पत्र सौंपना, राज्यव्यापी टीम का गठन कर समाज की समस्याओं को दूर करने की पहल होगा।
दीप्ति राउत ने कहा कि बिहार में सूड़ी समाज को पिछड़ा वर्ग में रखा गया है, जबकि पश्चिम बंगाल और झारखंड में इसे SC का दर्जा प्राप्त है। बिहार में पिछड़ा वर्ग में होने से समाज को पढ़ाई, नौकरी और राजनीति में उचित लाभ नहीं मिल पा रहा है। सूड़ी समाज आज भी सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक रूप से पिछड़ा है।
उन्होंने कहा कि यदि इस समाज को अति पिछड़ा वर्ग में शामिल किया जाता है, तो बालिकाएं और महिलाएं मुख्यधारा में आ सकेंगी।
आरक्षण मिलने पर इस समाज की बेटियां और भी बेहतर प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करेंगी। सूड़ी जाति को अत्यंत पिछड़ा वर्ग की अनुसूची-1 में शामिल कर सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक और राजनीतिक क्षेत्र में उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाना चाहिए।



