
बिहार में BTSC की अनुशंसा पर 1460 तकनीकी कर्मियों की नियुक्ति, स्वास्थ्य सेवाएं होंगी मजबूत
पटना- 19 सितंबर। बिहार तकनीकी सेवा आयोग (BTSC) की अनुशंसा पर राज्य के विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में 792 ड्रेसर, 644 एक्स-रे टेक्निशियन एवं 24 फार्मासिस्टों की पदस्थापना की गई है। उक्त जानकारी स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने सोशल मीडिया के माध्यम से दी। उन्होंने बताया कि 792 ड्रेसरों में 135 महिला एवं 657 पुरुष शामिल हैं, जबकि 644 एक्स-रे टेक्निशियन की भी नियुक्ति की गई है। इससे पूर्व 846 फार्मासिस्टों की पदस्थापना हो चुकी थी। 24 नए फार्मासिस्टों के साथ अब कुल 870 फार्मासिस्टों की पदस्थापना पूरी हो गई है।
इन नियुक्तियों से मेडिकल कॉलेजों एवं अस्पतालों, जिला अस्पतालों, अनुमंडलीय अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, रेफरल अस्पतालों सहित अन्य सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में तकनीकी कर्मियों की कमी दूर होगी। मरीजों को एक्स-रे एवं अन्य जांच सुविधाएं अधिक सुगम और प्रभावी तरीके से मिल सकेंगी, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और कार्यक्षमता मजबूत होगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने सभी नव पदस्थापित ड्रेसर, एक्स-रे टेक्निशियन एवं फार्मासिस्टों को बधाई देते हुए कहा कि सभी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।



