
MADHUBANI:- प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर पोषण माह में मोटे अनाज से बनी रंगोली, आंगनबाड़ी केंद्र पर जले दीये
मधुबनी 17 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर राजनगर प्रखंड में पोषण माह के तहत एक अनोखा कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंगरौनी दक्षिण पंचायत के ततमा टोल आंगनबाड़ी केंद्र सं. 192 पर सेविका पूजा कुमारी, सहायिका पुनीता देवी के नेतृत्व में मोटे अनाज (मिलेट) से आकर्षक रंगोली बनाई गई।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के दीर्घायु जीवन के लिए दीये जलाए गए और पोषण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। सेविका पूजा कुमारी ने बताया कि मोटे अनाज स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभदायक हैं। पोषण माह में लोगों को इसे अपने भोजन में शामिल करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री के जन्मदिन को पोषण संकल्प के रूप में मनाया गया। पोषण के पांच सूत्रों और मोटे अनाज के महत्व पर भी चर्चा की गई।
मौके पर वीणा कुमारी, रानी देवी, कुसमा देवी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और ग्रामीण मौजूद रहे।



