
भारत
बिहार बाढ़ त्रासदी पर बोले राहुल गांधी, कहा- जनहानि हृदयविदारक, कांग्रेस कार्यकर्ता करें मदद
नई दिल्ली, 15 सितंबर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने बिहार में आई विनाशकारी बाढ़ से हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त किया है। राहुल गांधी ने कहा कि बिहार में बाढ़ से हुई जनहानि अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। उन्होंने इस आपदा में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों के साथ मेरी सहानुभूति है।
राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे आगे बढ़कर बाढ़ प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद करें। साथ ही उन्होंने सरकार और प्रशासन से अपेक्षा जताई कि राहत एवं बचाव कार्यों को पूरी तत्परता के साथ चलाकर प्रभावित परिवारों तक आवश्यक सहायता जल्द से जल्द पहुंचाई जाए।



