
दिल्ली की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली ऐतिहासिक, जनता ने वोट चोरी के खिलाफ दिया जनादेश: महेश चन्द्र झा
मधुबनी- 01 नवंबर। दिल्ली के रामलीला मैदान में INDI गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली की सफलता पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता महेश चन्द्र झा ने कहा कि यह रैली नहीं, लोकतंत्र बचाने का महासंग्राम था।
महेश चन्द्र झा ने कहा कि मिंटो रोड से रामलीला मैदान तक उमड़ा जनसैलाब इस बात का प्रमाण है कि देश की जनता वोट चोरी और SIR जैसी प्रक्रिया के खिलाफ जाग चुकी है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी, फारूक अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती और तेजस्वी यादव सहित सभी विपक्षी नेताओं ने एक मंच से लोकतंत्र की आवाज बुलंद की है। श्री झा ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बिल्कुल सही कहा है कि यह वोट की चोरी नहीं, देश के हर नागरिक की आवाज की चोरी है। 13 करोड़ नाम मतदाता सूची से हटाना लोकतंत्र की हत्या है। चुनाव आयोग को निष्पक्ष होना चाहिए, कठपुतली नहीं।
उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान आज लोकतंत्र की हल्दीघाटी बन गया है। जनता ने साफ संदेश दे दिया है कि संविधान, वोट और लोकतंत्र से कोई समझौता नहीं होगा। कर्नाटक से आए कार्यकर्ताओं द्वारा कई मीटर लंबी मतदाता सूची लाना इस बात का सबूत है कि SIR के नाम पर किस तरह से वोट काटे जा रहे हैं। महेश चन्द्र झा ने कहा कि यह महारैली 2024 नहीं, 2027 की दिशा तय करेगी। विपक्ष की तीन मांग मुख्य चुनाव आयुक्त का इस्तीफा, SIR पर रोक और बैलेट पेपर की वापसी पूरे देश की मांग है।



