
BIHAR:- आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था सुधारने के लिए सरकार का नया कदम, अब वीडियो कॉल से होगा Tele Inspection
पटना – 01 नवंबर। प्रदेश के आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति में सुधार के लिए समाज कल्याण विभाग ने नई पहल शुरू की है। समेकित बाल विकास सेवाएं (ICDS) निदेशालय, बिहार ने सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (CDPO) और महिला पर्यवेक्षिका के कार्यों का वीडियो कॉन्फ्रेंस आधारित Tele Inspection कराने का निर्णय लिया है।
इस संबंध में ICDS निदेशक द्वारा आदेश जारी किया गया है। निदेशालय ने बताया कि मंत्री समाज कल्याण विभाग के पत्र के आलोक में यह कदम उठाया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य खराब स्थिति वाले आंगनबाड़ी केंद्रों में सुधार सुनिश्चित करना है।
योजना के तहत प्रतिदिन 5 CDPO और 10 महिला पर्यवेक्षिका का Tele Inspection किया जाएगा।
आदेश के मुताबिक, निदेशालय स्तर से दूरभाष संख्या और के माध्यम से संबंधित अधिकारियों को सूचना दी जाएगी। सूचना मिलते ही CDPO और महिला पर्यवेक्षिका को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए ऑनलाइन आंगनबाड़ी केंद्र संचालन से जुड़े चेतावनी प्रपत्र के सभी बिंदुओं का अवलोकन कराना होगा।
निदेशक ने सभी जिला योजना पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने जिले के सभी CDPO और महिला पर्यवेक्षिकाओं को इस संबंध में सूचित कर इसका अनुपालन सुनिश्चित कराएं।



