
BIHAR:- राजस्व कर्मियों के सामूहिक अवकाश-हड़ताल पर सरकार सख्त, सभी समाहर्ताओं से अंचलवार रिपोर्ट तलब
पटना- 01 नवंबर। राजस्व कर्मचारियों और अमीनों के सामूहिक अवकाश और हड़ताल पर जाने के मामले में बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है।
विभाग के अपर सचिव अमित कुमार पांडेय ने राज्य के सभी समाहर्ताओं को पत्र जारी कर हड़ताल में शामिल कर्मियों की अंचलवार रिपोर्ट अविलंब उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।
पत्र में कहा गया है कि राजस्व कर्मचारियों एवं अमीनों के सामूहिक अवकाश/हड़ताल में जाने के कारण लोकहित एवं राजस्व सेवाओं में बाधा उत्पन्न हो रही है।
अपर सचिव ने कहा है कि हड़ताल में शामिल राजस्व कर्मचारियों एवं अमीनों का अंचलवार प्रतिवेदन विभाग को तुरंत भेजा जाए, ताकि अनाधिकृत अनुपस्थिति के कारण बाधित विभागीय कार्यों के निष्पादन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के तहत अन्य कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जा सके और हड़ताल में शामिल कर्मियों के विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई पर विभाग द्वारा अग्रेतर कार्रवाई की जा सके।



